दो महीने में छात्राओं पर दूसरा हमला, शिकायत के बाद भी नहीं हुआ समाधान
संवाद न्यूज एजेंसी
तावडू। क्षेत्र के गांव ग्वारका सीमा में स्थित हरिद्वार लाल गोयल राजकीय महाविद्यालय में बंदरों का कब्जा है। बंदरों के आतंक से कॉलेज प्रबंधन के साथ-साथ छात्र-छात्राएं बेहद भयभीत हैं। मंगलवार को बंदरों की एक टोली के हमले से डर कर भाग रही तीन छात्राओं में से एक दूसरी मंजिल से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। छात्रा का एक पैर फ्रैक्चर होने के साथ-साथ कई जगह से चोटिल हो गई, जो फिलहाल भिवाड़ी के एक निजी अस्पताल में उपचाराधीन है।
दो महीने के अंदर छात्राओं पर यह बंदरों का दूसरा हमला है। इससे पहले गत अगस्त माह में भी बंदरों की एक टोली के हमले से तीन छात्राएं घायल हो गईं थीं। पीड़िता छात्रा खुशबू के पिता यादराम उर्फ बिल्लू निवासी गुरनावट ने बताया कि बेटी तावडू के हरिद्वार लाल गोयल राजकीय महाविद्यालय में द्वितीय वर्ष की छात्रा है। मंगलवार दोपहर जैसे ही वह साथी छात्राओं के साथ कक्षा से बाहर निकली तो हिंसक बंदरों की एक टोली ने हमला कर दिया। डर कर तीनों छात्राएं अलग-अलग दिशाओं में भागीं। बेटी खुशबू दूसरी मंजिल पर छज्जे की ओर भागते हुए अचानक असंतुलित होकर नीचे गिर गई, जिससे उसका पैर टूट गया। हादसे की सूचना मिलने पर वह कॉलेज पहुंचे और खुशबू को भिवाड़ी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। उन्होंने बताया कि पूर्व पहले भी बंदर छात्राओं पर हमला कर चुके हैं। इस संदर्भ में तावडू एसडीएम संजीव कुमार ने मामले को गंभीर मानते हुए कहा कि यह मामला उनके संज्ञान में है। जल्द ही कॉलेज परिसर को बंदर मुक्त किया जाएगा, जिन्हें पकड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।