फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gurugram News: 10 दिन बाद सड़कों से उठा कूड़ा, निगम ने की वैकल्पिक व्यवस्था

विज्ञापन
10 दिन बाद मदनपुरी क्षेत्र में कूड़े का उठान करवाते नगर निगम अधिकारी
विज्ञापन
सफाई के काम में बाधा न आए और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए धारा-144 लागू
विज्ञापन


जोन के मुताबिक ड्यूटी मजिस्ट्रेट तैनात, कर्मचारियों से काम पर लौटने की अपील


अमर उजाला ब्यूरो

गुरुग्राम। शहर में 10 दिन बाद कूड़े के ढेर उठने शुरू हुए हैं। बुधवार को नगर निगम अधिकारी और सफाई कर्मचारी नेताओं के बीच तीसरी बातचीत विफल हो जाने के बाद नगर निगम ने कूड़े के उठान की वैकल्पिक व्यवस्था की। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जोन के मुताबिक ड्यूटी मजिस्ट्रेट तैनात किए हैं। कूड़ा उठाने के काम में बाधा न आए, इसके लिए जिला प्रशासन ने धारा-144 लागू कर दी है। नगर निगम प्रशासन ने सफाई कर्मचारियों से अपील की है कि वह काम पर लौट आएं। काम पर नहीं लौटने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी है।

बुधवार को निगम अधिकारियों की मौजूदगी में सेक्टर-14, सेक्टर-17, सेक्टर-12, चंदन नगर, बस स्टैंड, न्यू कॉलोनी मोड़, अर्जुन नगर, पटौदी चौक, मदनपुरी आदि क्षेत्रों से सड़कों के किनारों व मार्केट क्षेत्र में पड़े कचरे को उठाने का काम शुरू हुआ। संबंंधित संयुक्त आयुक्त ने मौके पर मौजूद रहकर कूड़े का उठान सुनिश्चित करवाया। क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला उपायुक्त ने धारा-144 लागू कर दी है। नगर निगम के चारों जोन में ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किए हैं।
विज्ञापन

इसके तहत जोन-1 क्षेत्र में संयुक्त आयुक्त अखिलेश कुमार यादव, जोन-2 क्षेत्र में संयुक्त आयुक्त विजय यादव, जोन-3 क्षेत्र में संयुक्त आयुक्त डॉ. नरेश कुमार और जोन-4 क्षेत्र में संयुक्त आयुक्त सुमित कुमार को जिम्मेदारी दी गई है।


इससे पहले बुधवार को भी निगम अधिकारियों व सफाई कर्मचारी यूनियन के प्रतिनिधियों के बीच वार्ता हुई। अधिकारियों ने यूनियन प्रतिनिधियों से कहा कि उनकी मांगों का निर्णय राज्य सरकार के स्तर पर होना है। यूनियन प्रतिनिधि अपनी मांगों पर अड़े रहे तथा हड़ताल वापस लेने को राजी नहीं हुए।
निगम प्रशासन की ओर से कहा गया है कि सफाई कार्य के दौरान अगर कोई व्यक्ति बाधा उत्पन्न करता है या अराजकता फैलाता है, तो उसके खिलाफ प्रशासनिक व पुलिस कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम ने सफाई कर्मचारियों से अपील की है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए वे अपने काम पर लौट आएं। अगर कोई कर्मचारी काम पर नहीं लौटता है, तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।



सफाई कर्मचारी नेता बोले-हमारी हड़ताल जारी, 144 का उल्लंघन करेंगे

नगर निगम और प्रशासन के रुख को नगर पालिका कर्मचारी संघ के नेताओं ने दमनकारी कदम बताया है। संघ के अध्यक्ष राम सिंह सारसर ने कहा कि हमारी हड़ताल जारी है। हम धारा 144 का उल्लंघन करेंगे। प्रशासन ने जबरदस्ती दिखाई तो हम विरोध करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रशासन कई दिनों का पड़ा कूड़ा तो जेसीबी मशीन से उठवा लेगा लेकिन सफाई कर्मचारी झाड़ू लगाकर जो ढेरी बनाते हैं और वह ढेरियां बड़ा ढेर बनाती हैं, उनको कैसे उठाएगा। जेसीबी मशीन से झाड़ू नहीं लग सकता है।




धारा-144 का उल्लंघन करने पर धारा-188 में कार्रवाई होगी : उपायुक्त

जिला उपायुक्त निशांत कुमार यादव ने सफाई कर्मियों की हड़ताल के चलते जनहित में स्वच्छता प्रक्रिया को बनाए रखने के लिए तैयार की गई किसी भी वैकल्पिक व्यवस्था में बाधा डालने के संबंध में आपराधिक प्रक्रिया संहिता, 1973 की धारा-144 लागू करने के आदेश पारित किए हैं। इसका उल्लंघन करने वालों पर धारा-188 के तहत कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन

आदेश में कहा गया है कि जिले में नगर निगम के क्षेत्र व उसके कार्यालय में अस्त्र शस्त्र व चार या अधिक व्यक्तियों का जमावड़ा नहीं हो सकता। ऐसी चीज जो अपराध के हथियार के रूप में इस्तेमाल करने में सक्षम है या शांति और कानून व्यवस्था के रखरखाव में बाधा पैदा करती हो, उन पर रोक लगाई गई है। यह आदेश अगले आदेशों तक प्रभावी रहेंगे।

10 दिन बाद मदनपुरी क्षेत्र में कूड़े का उठान करवाते नगर निगम अधिकारी

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें