भ्रष्टाचार विरोधी कार्य समूह की बैठक में आए मेहमानों की योग के साथ हुई दिन की शुरुआत
हरियाणा की उपलब्धियों, कार्यक्रमों, ऐतिहासिक व पर्यटन से जुड़े केंद्रों की दी गई जानकारी
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। मार्च के पहले ही दिन से शुरू हुई जी-20 शिखर सम्मेलन के भ्रष्टाचार विरोधी कार्य समूह की बैठक में शानदार मेजबानी और गुड गवर्नेंस के लिए हरियाणा सरकार के प्रयासों को बेहद सराहा गया। इससे पहले सम्मेलन में आए मेहमानों के दिन की शुरुआत योगाभ्यास के साथ हुई। बैठक स्थल के पास ही मेहमानों को हरियाणा की संस्कृति से रूबरू कराने के लिए स्टॉल लगाया गया था, जिसमें उन्होंने वृतचित्र व अन्य वीडियो के माध्यम से हरियाणा की संस्कृति को जाना। मेहमानों को उन स्थानों के वीडियो भी दिखाए गए, जहां पर वह अगले दिनों में भ्रमण करने जाने वाले हैं।
बैठक में मुख्य वक्ता के रूप में केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने हरियाणा सरकार को अच्छी मेजबानी और गुड गवर्नेंस के लिए आईटी आधारित सेवाओं से नागरिकों को मिल रही सुविधाओं के लिए प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल तकनीक के प्रति सदैव जागरूक रहते हैं और उनके कार्यकाल में हरियाणा में गुड गवर्नेंस की दिशा में अनेक सफल प्रयोग हुए हैं। बैठक की अध्यक्षता भारत ने की। इटली ने सह अध्यक्षता की। शुभारंभ सत्र में भारत की ओर से राहुल सिंह व इटली की ओर से जियोवानी टार्टग्लिया ने स्वागत संबोधन दिया। कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग की सचिव राधा चौहान, इटली की पूर्व न्याय मंत्री और वर्तमान में नेशनल एडमिनिस्ट्रेशन स्कूल की प्रधान डाॅ. पाओला सेवेरिनो ने भी सत्र को संबोधित किया।
आर्थिक अपराध से निपटने और सूचनाओं के आदान प्रदान के मुद्दे पर भारत की ओर से सीबीडीटी के चेयरमैन नितिन गुप्ता ने संबोधन किया। अंतरराष्ट्रीय संगठन ओईसीडी से मैरी केरेन कैरेफ, एफएटीएफ से आशीष कुमार, यूएनओडीसी से स्टेफाइन होइलिंग, इजीएमओएनटी ग्रुप से ऑलिसाइले खान्यिले, इंटरपोल से हुमैद अरमीमी ने संबोधन किया।
दूसरे सत्र में भ्रष्टाचार और आर्थिक अपराध से संबंधित संपत्ति वसूली तंत्र के विषय पर भारत की ओर से ईडी के निदेशक संजय कुमार मिश्रा व इटली की ओर से नेशनल पुलिस ऑफिसर स्टीफानो कारवेली ने विचार रखे। एफएटीएफ से आशीष कुमार, यूएनओडीसी से स्टेफाइन होइलिंग, व इंटरपोल से हुमैद अरमीमी ने प्रस्तुतिकरण दिया। इसके साथ ही चीन, फ्रांस, कोरिया व नाइजीरिया के प्रतिनिधियों ने भी चर्चा में भागीदारी की।
योग के साथ दिन की शुरुआत सुखद अनुभव
जी-20 सम्मेलन में आए मेहमानों ने अपने दिन की शुरुआत होटल लीला एंबियंस में ही योगाभ्यास के साथ की। हरियाणा योग आयोग के प्रशिक्षकों ने योग परंपरा से मेहमानों को रूबरू कराया। प्रतिनिधियों में से कुछ का कहना था कि योगाभ्यास के साथ दिन की शुरुआत करना बेहद सुखद अनुभव रहा।
इसके साथ ही प्रतिनिधियों को हरियाणा की कला एवं संस्कृति से परिचित कराने के लिए एक स्टाॅल भी लगाया था। प्रतिनिधियों ने स्टाॅल पर आकर उपलब्ध साहित्य व स्क्रीन पर प्रसारित वृतचित्र के प्रति विशेष रुचि दिखाई। हरियाणा के खिलाडिय़ों, मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर, ऐतिहासिक महत्व के स्थानों और राज्य की कला-संस्कृति से मेहमानों को रूबरू कराने के लिए सेल्फी प्वाइंट व डिस्पले बोर्ड भी लगाए गए। प्रतिनिधियों ने हरियाणा सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं की जानकारी ली, वहीं हरियाणा की संस्कृति व विकासात्मक थीम आधारित वीडियो को प्रदर्शनी में देखते हुए भरपूर सराहना की।
वीडियो में उन स्थानों का विवरण प्रदर्शित किया, जहां पर विदेशी मेहमानों को भ्रमण करना है। इनमें गुरुग्राम शहर, हेरिटेज ट्रांसपोर्ट म्यूजियम, सुल्तानपुर नेशनल पार्क व प्रतापगढ़ फार्म हाउस झज्जर जैसे दर्शनीय स्थल शामिल हैं। प्रदर्शनी स्थल पर हरियाणा प्रदेश की संस्कृति को दर्शाता पेड़नुमा सेल्फी पॉइंट भी आकर्षण का केंद्र रहा।
प्रधान सचिव ने बताए डिजिटली लाभ हस्तांतरित करने के अनुभव
जी-20 के पहली भ्रष्टाचार विरोधी कार्य समूह के साइड इवेंट में डायरेक्ट बेनेफिट ट्रांसफर (डीबीटी) और डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर विषय पर चर्चा हुई। इसमें मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव वी. उमाशंकर ने हरियाणा सरकार की दूरदर्शी सोच से अवगत कराते हुए बताया कि डिजिटल प्लेटफॉर्म पर पात्र लाभार्थियों तक सरकार की योजनाओं का लाभ सीधे तौर पर सरलता से पहुंच रहा है। इसके लिए उन्हें आवेदन करने की भी जरूरत नहीं है।
प्रधान सचिव वी. उमाशंकर ने तकनीक के ज़रिये आम लोगों तक सीधे लाभ पहुंचाने पर प्रदेश के अनुभव साझा किए और बताया कि परिवार पहचान पत्र के माध्यम से अब लोगों को निर्धारित समय पर ही योजनाओं का लाभ मिल रहा है। उन्होंने बताया कि बिना किसी मानवीय हस्तक्षेप के लाभार्थी तक योजनाएं पहुंचाना अब संभव हुआ है। सरकार ने कई पोर्टल और अलग-अलग आंकड़ों को एक पोर्टल पर लाने की दिशा में कदम बढ़ाए हैं। उन्होंने कहा कि अब एक-एक डाटा को सत्यापित करने का काम सरकार कर रही है।
वी. उमाशंकर ने कहा कि योजनाओं का लाभ लेने के लिए इनकम मापना सबसे बड़ा काम है। अब बिना आवेदन किए लोगों को ऑटोमेशन मोड में सुविधाएं मुहैया हो रही हैं। पीपीपी के तहत 30 लाख के करीब परिवारों को चिरायु हरियाणा जैसी योजनाओं का लाभ देते हुए स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार किया है।
रात्रिभोज में मोटे अनाज से तैयार व्यंजन परोसे
जी-20 शिखर सम्मेलन की भ्रष्टाचार विरोधी कार्य समूह की दिन भर चली बैठक के बाद प्रदेश सरकार की ओर से विदेशी मेहमानों के सम्मान में रात्रि भोज का आयोजन किया गया। इस दौरान मेहमान सहज और हल्के फुल्के मूड में नजर आए। रात्रिभोज के दौरान हरियाणा की संस्कृति का भव्य प्रदर्शन किया और मेहमानों को मोटे अनाज से तैयार होने वाले व्यंजन भी परोसे गए। आयोजन की थीम वसुधैव कुटुंबकम, एक पृथ्वी, एक परिवार, एक भविष्य के अनुरूप रात्रि भोज के आयोजन स्थल को सजाया गया।
आज कानून प्रवर्तन सहयोग को मजबूत करने पर होगी चर्चा
बैठक के दूसरे दिन बृहस्पतिवार को भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई पर अंतरराष्ट्रीय सहयोग पर व्यापक विचार विमर्श किया जाएगा। पहले सत्र में भ्रष्टाचार और आर्थिक अपराध के खिलाफ कार्रवाई के लिए कानून प्रवर्तन सहयोग को मजबूत करने पर चर्चा की जाएगी। इसमें सीबीआई के निदेशक सुबोध कुमार जायसवाल संबोधित करेंगे। इसके साथ ही चीन व सऊदी अरब के प्रतिनिधि भी चर्चा में भागीदारी करेंगे। दूसरे सत्र में आपसी कानूनी सहायता को मजबूती प्रदान करने के लिए लिए मंथन होगा।
जी 20 के पोस्टर का अवलोकन करते केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह
जी 20 के पोस्टर का अवलोकन करते केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह