गुरुग्राम। फल-सब्जी व्यवसाय में निवेश के नाम पर एक व्यक्ति से 5 लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। जाल में फंसाने के लिए 5 प्रतिशत मासिक मुनाफा देने का वादा किया था। बाद में आरोपियों ने न तो मुनाफा दिया और अब रुपये वापस करने से भी इनकार कर दिया है।
सेक्टर-50 थाना पुलिस ने पीड़ित के बयान पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार सेक्टर-49 की सोसायटी में रहने वाले निशांत पांडेय का कहना है कि अगस्त 2020 में शौनक नामक व्यक्ति ने संपर्क किया। उसने कहा कि वो अरिहंतम इंटरनेशनल टेक्नोलॉजिज प्राइवेट लिमिटेड में निदेशक है। उसने ऑफर दिया कि यदि आप फल व सब्जी ट्रेडिंग के बिजनेस में निवेश करते हो तो आपको 5 प्रतिशत मासिक मुनाफा होगा। अच्छा ऑफर जानकर शिकायतकर्ता ने 5 लाख रुपये नेट बैंकिंग के जरिये 31 अगस्त 2020 को आरोपी के बताए गए खाते में ट्रांसफर कर दिया। यह खाता चंडीगढ़ के सेक्टर-34 स्थित आईसीआईसीआई शाखा में था। ईमेल के माध्यम से पीड़ित को रुपये मिलने की कंफर्मेशन भी दी गई। लेकिन उसके बाद से ही मुनाफा नहीं दिया गया। वह बार-बार डेट बदलकर बहाने बनाता रहा। वह कहता रहा कि किसान आंदोलन के चलते संभव नहीं हो पा रहा है।