गुरुग्राम। शिक्षा विभाग में कार्यरत चालक के साथ बंद बीमा पॉलिसी खुलवाने के नाम पर 22 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। मामला दो साल पुराना है। साइबर थाना पुलिस की जांच के बाद बादशाहपुर थाना पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी व अमानत में खयानत का मामला दर्ज किया है।
पलड़ा गांव के रहने वाले जय प्रकाश ने पुलिस को बताया कि वह शिक्षा विभाग में कार्यरत है। दो साल पहले अलग-अलग मोबाइल नंबर से रोहित जैन बनकर किसी ने उसे फोन किया था। उसके पास उसकी तीन बंद चल रहीं बीमा पॉलिसी का नंबर था। उसका कहना था कि अगर वह कुछ पैसा जमा कर दें तो उसकी पॉलिसी फिर से चल सकती है। इससे उसे कुल 65 लाख रुपये का लाभ होगा। उसके बाद पीड़ित ने बताए हुए दिल्ली के खाते में 9 बार में यह पैसा जमा कर दिया। अलग-अलग नंबर से ऑनलाइन उस खाते में यह पैसा डाला गया है। इस तरह से उसके साथ कुल 22 लाख रुपये की ठगी हुई है। फोन करने वाला अब फोन नहीं उठाता है। जिस खाते में पैसा जमा किया गया है। वह पैसा एटीएम कार्ड से निकाला गया है। बता दें कि वारदात दो साल पुरानी है। मामले की शिकायत साइबर थाना पुलिस को दी। साइबर थाना पुलिस ने मामले की छानबीन के बाद दो दिन पहले बादशाहपुर थाना पुलिस को मामला दर्ज करने का आदेश दिया। बादशाहपुर थाना पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुटी है।