गुरुग्राम के डीएलएफ फेज-1 स्थित गोल्फ कोर्स रोड पर एक इमारत के दूसरे और तीसरे फ्लोर पर बने शोरूम में आग लग गई। चार दमकल गाड़ियों की मदद से करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। घटना में सामान और फर्नीचर को भारी नुकसान हुआ है।
गुरुग्राम के डीएलएफ फेज-1 क्षेत्र में गोल्फ कोर्स रोड स्थित ए-ब्लॉक में रविवार देर शाम एक इमारत के दूसरे और तीसरे फ्लोर पर बने शोरूम में आग लग गई। सूचना मिलते ही सेक्टर-29 फायर स्टेशन से चार दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। फायर कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद रात करीब 9 बजे आग पर काबू पा लिया। आशंका है कि शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी है। इस घटना में काफी नुकसान हुआ है।
विज्ञापन
सेक्टर-29 फायर स्टेशन को रविवार देर शाम करीब 7 बजे गोल्फ कोर्स रोड स्थित ए-ब्लॉक की एक इमारत में आग लगने की सूचना मिली थी। शोरूम में कागज, कपड़े और सजावट से संबंधित अन्य सामान रखा हुआ था। आग लगने से सामान और फर्नीचर को भारी नुकसान पहुंचा है। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची फायर टीम ने दमकल गाड़ियों से पानी का छिड़काव कर आग बुझाने का प्रयास किया। इस दौरान फायर कर्मियों ने बिजली आपूर्ति बंद करवाई, ताकि करंट लगने जैसी कोई घटना न हो।
इमारत में लगी आग का धुआं काफी दूर तक दिखाई दे रहा था। मौके पर मौजूद लोग आग के वीडियो भी बना रहे थे। रात करीब 9 बजे आग पर काबू पा लिया गया। एहतियात के तौर पर फायर विभाग की टीम मौके पर तैनात रही, ताकि कहीं आग दोबारा न भड़क उठे।
विज्ञापन
भीमनगर फायर स्टेशन के अधिकारी नरेंद्र यादव ने बताया कि इमारत की दोनों मंजिलों पर लगी आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है। आग लगने से शोरूम में काफी नुकसान हुआ है। जांच के बाद ही आग लगने के सही कारणों और कुल नुकसान का आकलन किया जा सकेगा।