भाजपाइयों ने आयोजित किया समारोह, प्रदेशाध्यक्ष ने की अध्यक्षता
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। भाजपा संगठन मंत्री रविंद्र राजू के सम्मान में शुक्रवार को पार्टी कार्यालय गुरुकमल में विदाई समोराह का आयोजन किया गया। भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने इस कार्यक्रम की अध्यक्षता की। इस अवसर पर भाजपा नेताओं ने सफल कार्यकाल के लिए उन्हें बधाई और उनके आगामी कार्यकाल के लिए अपनी शुभकामनाएं दीं। नवनियुक्त संगठन मंत्री फणीन्द्र नाथ शर्मा भी इस मौके पर मौजूद रहे। समारोह में मंच संचालन प्रदेश उपाध्यक्ष जीएल शर्मा ने किया।
इस अवसर पर भाजपा संगठन मंत्री रविंद्र राजू ने हरियाणा में अपने दो वर्षों के अपने अनुभवों को साझा करते हुए कहा कि प्रदेश में उन्हें कार्यकर्ताओं से खूब प्यार आदर मिला है। उन्हें बेहद खुशी है कि इस दौरान पार्टी और मजबूत हुई है। जिला अध्यक्ष गार्गी कक्कड़ ने प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ का स्वागत किया। कार्यक्रम में कृषि मंत्री जेपी दलाल, परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा, सहकारिता मंत्री बनवारीलाल, डिप्टी स्पीकर रणबीर गंगवा, सांसद सुनीता दुग्गल, राज्यसभा सांसद कृष्ण लाल पंवार आदि मौजूद रहे।