गुरुग्राम। सेक्टर-43 स्थित राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल सुशांत लोक में बुधवार को सर्व शिक्षा अभियान (एसएसए) कार्यालय द्वारा एजुकेशन वॉलिंटियर्स को अनुभव प्रमाण पत्र वितरित किए गए। इन वॉलिंटियर्स ने शैक्षणिक सत्र 2021-22 में स्कूल से वंचित और बीच में पढ़ाई छोड़ने वाले बच्चों को ब्रिज कोर्स करवाकर शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ा है।
बीते शैक्षणिक स्तर में जिले के 136 केंद्रों पर अलग-अलग आयु के 3574 बच्चों के लिए ब्रिज कोर्स कराकर बच्चों को उनकी आयु के हिसाब से कक्षाओं में दाखिला दिलाया गया है। जिला परियोजना संयोजक कल्पना रंगा ने बताया कि हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद द्वारा स्कूल से वंचित और बीच में पढ़ाई छोड़ने वाले बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए अभियान चलाया हुआ है। अभियान के तहत प्रत्येक वर्ष फरवरी व मार्च माह में सर्वे कराकर शिक्षा से वंचित बच्चों की पहचान की जाती है। इसके उपरांत इन बच्चों को सरकारी स्कूलों में दाखिला दिलाकर शिक्षित किया जा रहा है। बच्चों को शिक्षित करने का कार्य एजुकेशन वॉलिंटियर्स के माध्यम से कराया जाता है। बीते शैक्षणिक स्तर में 11 माह तक बच्चों को पढ़ाने के लिए वॉलिंटियर्स को अनुभव प्रमाणपत्र वितरित किए गए हैं। इस अवसर पर समन्वयक अमरीश शर्मा सहित स्कूल स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।