गुरुग्राम। डिस्ट्रिक्ट टाउन एंड प्लानिंग इन्फोर्समेंट (डीटीपीई) विभाग के नोटिस के बाद डीएलएफ फेज-2 के व्यापार केंद्र से अतिक्रमण हटाने का सिलसिला शुरू हो गया है। यहां के बाजार एसोसिएशन के पदाधिकारी अतिक्रमण करने वाले रेहड़ी-पटरी, खोखा वालों को हटाने का काम तेजी से कर रहे हैैं।
एक सप्ताह पहले डीटीपीई ने डीटीपीई ने डीएलएफ फेज-2 के व्यापार केंद्र सहित तीन बाजार एसोसिएशन के पदाधिकारियों को नोटिस दिया था कि उनके यहां दुकानों के सामने रेहड़ी-पटरी, खोखा व वेंडरों ने अतिक्रमण कर रखा है। इससे बाजार में आने वाले लोगों को आवागमन में दिक्कत होती है। वहीं आपातकाल स्थिति में यहां राहत वाहन पहुंचने में भी परेशानी आएगी। बाजार एसोसिएशनों को अपने यहां अतिक्रमण हटाने के लिए सात दिन का समय दिया गया था। इसके बाद से ही बाजारों में अतिक्रण करने वाले दुकानदार व इसके लिए जिम्मेदारों में खलबली मची हुई थी। डीएलएफ फेज-2 के व्यापार केंद्र के पदाधिकारियों ने अपनी मार्केट से अतिक्रण को हटाकर सबूत के तौर पर दो दर्जन फोटोग्राफ विभाग को भेजे हैं। मामले में डीटीपीई आरएस बाठ का कहना है कि अन्य बाजारों के पदाधिकारियों से भी विभाग को यही उम्मीद है। अतिक्रमण जल्द हटने चाहिए।