गुरुग्राम के सेक्टर-10 में बहादुरगढ़ पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की रोहित गोदारा गैंग के शूटरों के साथ बीते बुधवार की मुठभेड़ हो गई। दोनों तरफ से फायरिंग में दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। यह कार्रवाई रेवाड़ी में पलवल एसटीएफ के इंस्पेक्टर अनिल छिल्लर पर गोली चलाने के मामले में हुई है। दोनों शूटर नितिन और यशपाल कुख्यात लॉरेंस गैंग से जुड़े रोहित गोदारा के लिए काम करते हैं।
पुलिस के अनुसार, बहादुरगढ़ एसटीएफ को सूचना मिली थी कि ये बदमाश गुरुग्राम में छिपे हुए हैं। बुधवार की देर रात सेक्टर-10 में बहादुरगढ़ एसटीएफ ने ऑपरेशन शुरू किया। इस दौरान बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों शूटरों के पैरों में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने दोनों बदमाशों को पकड़ लिया और गुरुग्राम के सेक्टर-10 स्थित नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया है।
बहादुरगढ़ एसटीएफ की टीम ने दोनों बदमाशों के पास से दो पिस्तौल और कारतूस बरामद किए हैं। यह मुठभेड़ इंस्पेक्टर अनिल छिल्लर पर भटेड़ा गांव, रेवाड़ी में हुई गोलीबारी की घटना से जुड़ी है। उनकी हालत स्थिर है और वे गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती हैं। हमलावर लॉरेंस गैंग से संबंधित बताएं गए हैं।
आरोपियों पर पहले से कई केस दर्ज
एसटीएफ के अनुसार नितिन और यशपाल पर हरियाणा, पंजाब और राजस्थान में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है। रोहित गोदारा कनाडा से अपनी गतिविधियां चला रहा है, लॉरेंस का करीबी सहयोगी है। पुलिस अब इनकी आपराधिक कुंडली खंगाल रही है।
रेवाड़ी में एनकाउंटर में इंस्पेक्टर को गोली लगी थी
इससे पहले रेवाड़ी में बुधवार अलसुबह पलवल एसटीएफ और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई थी। पुलिस टीम बदमाशों को पकड़ने के लिए गांव भटेड़ा में घेरा पहले ही डाल चुकी थी, तभी आरोपियों ने खुद को घिरा देख फायरिंग शुरू कर दी।