बच्चों और बुजुर्गों की सेहत खतरे में
संवाद न्यूज एजेंसी
मानेसर। मानेसर के सेक्टर-79 में सड़कों से उड़ती धूल के कारण सोसाइटी में रहने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इमारतों में रहने वाले लगभग 8,000 लोगों का स्वास्थ्य प्रभावित हो रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण कार्यों के दौरान नियमों का पालन नहीं हो रहा है।
लोगों ने बताया कि भारी निर्माण कार्यों के कारण धूल बहुत बढ़ गई है। कच्चे माल ले जाने वाले ट्रक ढके नहीं होते हैं और नगर निगम सड़कों की सफाई नियमित नहीं करता है। गोदरेज-101 के आरडब्ल्यूए महासचिव सुमित कुमार ने बताया कि बालकनी पर भी धूल जम जाती है। बार-बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। नगर निगम की तरफ से अब तक इलाके में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है।
निवासी धीरेंद्र सिंह ने कहा कि बच्चे और बुजुर्ग सबसे ज्यादा प्रभावित हैं और तत्काल कार्रवाई की जरूरत है। चेतना रावत ने बताया कि सफाई अनियमित और सतही है, जिससे धूल लगातार बनी रहती है। उन्होंने बताया कि लगातार निगरानी और सफाई न होने पर पूरे सेक्टर की हवा की गुणवत्ता गंभीर बनी हुई है। प्रदूषित हवा के कारण सांस लेने में दिक्कत हो रही है।