- घर के पास खाली प्लॉट में खेल रही थी बच्ची, हादसे के बाद चालक फरार
विज्ञापन
गुरुग्राम। सेक्टर-50 थाना क्षेत्र के अंबेडकर चौक, सेक्टर-46 में घर के पास खाली प्लॉट में खेल रही तीन वर्षीय बच्ची को कार चालक ने बैक करते समय कुचल दिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल बच्ची की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद चालक कार लेकर मौके से फरार हो गया। मृत बच्ची के पिता संतोष चौधरी की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। संतोष चौधरी ने पुलिस को बताया कि वह परिवार के साथ सेक्टर-46 में रहते हैं और ऑटो चलाते हैं। उनके तीन बच्चे हैं। 18 अगस्त शाम करीब 6:30 बजे उनकी तीन वर्षीय बेटी रुषी घर के बाहर खाली प्लॉट में खेल रही थी। इसी दौरान एक युवक कार को पीछे कर रहा था। आरोप है कि चालक ने पीछे देखते हुए सावधानी नहीं बरती और कार की चपेट में आने से बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद चालक कार लेकर मौके से भाग गया। बच्ची के नाना शैलेंद्र चौधरी उसे उपचार के लिए निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
जांच अधिकारी मनजीत सिंह ने बताया कि बुधवार को बच्ची के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया। कार के नंबर के आधार पर चालक की पहचान की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर आगामी कार्रवाई की जाएगी। ब्यूरो