Divya Pahuja Murder Case: मॉडल दिव्या पहुजा की हत्याकांड के फरार आरोपियों को लेकर नया खुलासा हुआ है। आरोपी पुलिस को चकमा देने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। आरोपी पटियाला से उदयपुर कार से पहुंचे थे। उदयपुर के होटल में एक घंटा ठहरने के बाद दोनों आरोपी निकल गए थे। पुलिस टीम के हाथ केवल सीसीटीवी फुटेज लगे हैं।
मॉडल दिव्या पहुजा की हत्या की प्रमुख कड़ी बने बलराज गिल और रवि बंगा कमिश्नरेट की पुलिस को चकमा देने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। आलम यह है कि एक लाइन पकड़ कर पुलिस किसी तरह उनके पीछे पहुंचती है तब तक वह वहां से निकल चुके होते हैं।
विज्ञापन
मॉडल दिव्या पहुजा के शव को ठिकाने लगाने के बाद दोनों आरोपियों ने पटियाला में बस अड्डे के पास पार्किंग में बीएमडब्ल्यू कार पार्क कर फरार हुए हैं। अब तक की छानबीन में पता चला है कि दोनों आरोपियों ने पुलिस को चकमा देने के लिए किसी कार से 14 घंटे के समय में 830 किमी की दूरी तय कर राजस्थान के उदयपुर एक होटल में पहुंचे थे।
होटल में आरोपी करीब एक घंटे तक रहे हैं। इस दौरान उनको संकेत मिला है कि पुलिस टीम उनके पीछे है, जिसके बाद वह होटल छोड़कर निकल गए। पुलिस टीम होटल पहुंचती है तो उसके हाथ केवल होटल का सीसीटीवी फुटेज लगता है।
विज्ञापन
दिव्या की लाश देखने वाली युवती का आज होगा बयान दर्ज
मॉडल दिव्या पहुजा की हत्या के बाद होटल मालिक अभिजीत ने अपनी दूसरी गर्लफ्रेंड को नजफगढ़ से होटल बुलाया था। वह उससे मिलने के लिए 114 नंबर कमरे में गई थी। जिसके बाद उसने दिव्या पहुजा की लाश को उसके कमरे में दिखाया था। उसे ठिकाने लगाने के लिए उसकी मदद मांगी थी।
वह पुलिस के संपर्क में सोमवार को एसआईटी के वरिष्ठ अधिकारियों के सामने उसका बयान दर्ज कराया जाएगा। अब तक की पहली गवाह जिसने शव को कमरे में देखा है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज में कमरे में दिव्या पहुजा को प्रवेश करती हुई पाया है। बाद में कंबल में लिपटा एक शव कार की डिग्गी में रखता हुआ दिखता है।
पटियाला में बलराज की मदद करने वाले पर पुलिस की नजर
एसआईटी को छानबीन के दौरान पता चला है कि पटियाला में बलराज गिल की मदद करने वाले पर पुलिस की नजर है। यहां से उसे गाड़ी उपलब्ध कराई गई। पुलिस को छानबीन में यह भी पता चला है कि 10 लाख रुपये की रकम साथ लेकर भेजा था।
हत्या के बाद उसने अपने जानकारों को फोन कर गिल को पैसा उपलब्ध कराने को कहा था। पैसे का इंतजाम करने के कारण दिल्ली से गुरुग्राम आने उसे छह घंटे का समय लगा है।
अभिजीत के घर पर ही रहता था बलराज
पुलिस की छानबीन के दौरान पता चला है कि होटल मालिक की पत्नी एक निजी कंपनी में काम करती है। उससे अभिजीत के संबंध अच्छे नहीं हैं। उसकी बेटी शादी करके हांगकांग में सेटल हो गई है। पुलिस जांच में पता चला है कि बलराज गिल और अभिजीत की पत्नी की लगातार मोबाइल पर बात होती थी। बलराज गिल अभिजीत के घर में मालिक की तरह रहता था। साथ ही पंजाब से आने वाले सूखे नशे को अपने दोस्त अभिजीत को उपलब्ध कराता था।
अभिजीत ने सबूत किए नष्ट
आपको बता दें कि गैंगस्टर संदीप गाडौली की प्रेमिका दिव्या पहुजा की हत्या के बाद शव ठिकाने लगवाने से पहले होटल संचालक अभिजीत ने बीएमडब्ल्यू कार से ओल्ड दिल्ली रोड पर जाकर हत्या से जुड़े सबूत को नष्ट किया था।
पांच दिन की पुलिस रिमांड के दौरान चल रही छानबीन में होटल मालिक अभिजीत ने पुलिस को बताया कि उसने दिव्या का पहचान पत्र, उसका एपल का मोबाइल व वारदात में इस्तेमाल पिस्टल को ओल्ड दिल्ली रोड पर कहीं फेंका था।
दिव्या पहुजा की हत्या के बाद पुलिस आयुक्त विकास अरोड़ा ने उसकी जांच के लिए एसआईटी का गठन किया है। एसआईटी की ओर से गठित चार टीमों में दो टीमें पंजाब में अलग-अलग ठिकानों पर छापा मार रहीं हैं, जबकि दो टीमें यहां पर जांच में जुटी हैं।