तीन साल से अभिजीत के साथ काम करता है प्रवेश
पुलिस टीम को छानबीन में पता चला है कि प्रवेश तीन साल से अभिजीत के पास पीएसओ के रूप में काम करता था। उस पर रोहतक के सदर थाने आधा दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसने अभिजीत को अलग-अलग तीन अवैध हथियार उपलब्ध कराए थे। जो अभिजीत के आवास जे-21 से बरामद किए जा चुके हैं।
नहर में मिली डेड बॉडी
दिव्या पाहुजा (Divya Pahuja) का शव शनिवार को हरियाणा के फतेहाबाद जिले के टोहाना इलाके की नहर में कूदनी हेड में फंसा मिला है। पीठ पर बने टैटू से दिव्या पाहुजा की बहन नैना पाहुजा ने शव की पहचान की है। गुरुग्राम पुलिस (Gurugram Police) के डीसीपी क्राइम विजय कुमार ने इसकी पुष्टि की है।
140 किलो मीटर दूर मिला दिव्या का शव
पुलिस की पूछताछ में खुलासा हुआ है कि दिव्या के शव को ठिकाने लगाने के बाद बलराज गिल और रवि बंगा बस से जयपुर होते हुए उदयपुर गए थे। उदयपुर से बस से कानपुर पहुंचे और वहां से ट्रेन पकड़कर कोलकाता पहुंचे। जिस स्थान पर दिव्या के शव को ठिकाने पर लगाया था, वहां से करीब 140 किलोमीटर दूर डेड बॉडी मिली है।
बलराज ने बताया दिव्या की लाश का राज
पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार अभिजीत का साथी आरोपी बलराज गिल (Balraj Gill) की निशानदेही पर ही डिस्ट्रीब्यूटर के पास पानी बंद होने पर सफलता मिली है। यह नहर पंजाब के भाखड़ा से निकलती है। पुलिस शव का डीएनए टेस्ट करा सकती है। बता दें कि बलराज ही वो शख्स था जो दिव्या की लाश को कार में डालकर ठिकाने लगाने के लिए दो जनवरी को गुरुग्राम से फरार हुआ था। इसके साथ एक अन्य साथी रवि बंगा भी था। ये दोनों देश छोड़कर बैंकॉक जाने की फिराक में थे।
कब हुई हत्या, किसने की मदद
दो जनवरी को गुरुग्राम के द सिटी पॉइंट होटल के रूम नंबर 111 में मॉडल दिव्या पाहुजा की गोली मारकर मर्डर किया गया था। होटल के मालिक अभिजीत सिंह ने इस वारदात को अंजाम दिया था। आरोपी अभिजीत ने दिव्या पाहुजा की हत्या करने के बाद होटल में साफ-सफाई और रिसेप्शन का काम करने वाले हेमराज व ओम प्रकाश के साथ मिलकर उसके शव को अपनी बीएमडब्ल्यू कार में रखवाया। इस काम को करने के लिए आरोपी ने दोनों कर्मचारियों को करीब 10 लाख रुपये देने का लालच दिया था।
कौन थी मॉडल दिव्या?
गुरुग्राम के बलदेव नगर की रहने वाली दिव्या पाहुजा छोटे मोटे मॉडलिंग के काम भी करती थी। गुरुग्राम के गांव गाड़ौली निवासी गैंगस्टर संदीप गाड़ौली (Sandeep Gadoli) की वह कथित गर्लफ्रेंड थी। संदीप गाडौली का गुरुग्राम पुलिस ने वर्ष 2016 में मुंबई में एनकाउंटर किया था। हालांकि इस एनकाउंटर को फर्जी बताते हुए दिव्या पाहुजा और संदीप गाडौली की मां ने गुरुग्राम पुलिस के पांच कर्मचारियों के खिलाफ संदीप की हत्या का केस दर्ज कराया था।