सेक्टर-चार, सात, 21, 14, सुशांत लोक वन, पालम विहार में समस्या
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। एक हफ्ते से शहर के कई हिस्सों में लोगो को गंदा पानी आ रहा है। बारिश के बाद सीवर ओवरफ्लो होकर बहने और पुरानी पेयजल की लाइनों में लीकेज के कारण यह दिक्कत आ रही है। गंदे पानी के कारण लोग बीमार पड़ने लगे हैं। पेटदर्द, दस्त, उल्टी जैसी दिक्कतें आ रही है। सेक्टर-चार, सात, 21, 14, सुशांत लोक वन, पालम विहार में दिक्कत ज्यादा है।
सेक्टर-चार में मार्केट के पास के घरों में पिछले एक हफ्ते से गंदा और बदबूदार पानी आ रहा है। लोगों ने बताया आरओ में साफ होने के बाद भी पानी में दुर्गंध बनी रहती है। नतीजतन पीने के लिए पानी खरीदना पड़ रहा है। इलाके में रहने वाले विनय तिवारी और उर्वी ने बताया कि उन्हें पेट दर्द और उल्टी हो रही है। सेक्टर-21 में भी कई लोगों ने गंदे पानी की शिकायत की की है।
500 घरों में कम आ रहा पानी
सुशांत लोक-वन के आरडब्ल्यूए महासचिव अशोक दलवानी ने बताया कि सी ब्लॉक में करीब 500 घरों में पानी बहुत कम आ रहा है। पुरानी पाइप लाइनों में लीकेज है। ओवरफ्लो हाेते ही सीवर की गंदगी पाइपलाइन में चली जाती है। यह दिक्कत बारिश के मौसम में ज्यादा होती है।