पटौदी। गांव बपास में एक परिवार की आपसी झगड़े की सूचना पाकर मौके पर पहुंचना डायल-112 टीम (ईआरवी) को महंगा पड़ गया। आपस में झगड़ रहे परिवार के सदस्यों ने पुलिस टीम पर ही हमला कर दिया और एक सिपाही के साथ जमकर मारपीट की। ईआरवी टीम के पीड़ित सिपाही की शिकायत पटौदी थाना की पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
एसआई बलवान सिंह ने अपनी शिकायत में बताया है कि उसकी ड्यूटी ईआरवी पर लगी है। बुधवार सुबह पंचकूला से सूचना मिली कि बपास गांव में देवर-भाभी व अन्य में लड़ाई-झगड़ा हो रहा है। सूचना के आधार पर टीम मौके पर पहुंची। वहां हरमिंदर नामक व्यक्ति अपनी मां व पत्नी के साथ गाली-गलौज कर रहा था। इस दौरान उसे समझाने का प्रयास किया जाने लगा। तभी हरमिंदर अपने भाई देवेंद्र के साथ ईआरवी टीम के साथ बहस करने लगे। देखते ही देखते दोनों ने कांस्टेबल विकास के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसमें विकास को चोटें भी आई। पीड़ित एएसआई बलवान सिंह ने पटौदी थाने में उक्त दोनों आरोपियों के खिलाफ शिकायत दी है। पुलिस शिकायत मिलने के बाद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्जकर उनकी तलाश शुरू कर दी है।