पांच दिनों तक चली 31वीं गुरुग्राम जिला बैडमिंटन चैंपियनशिप 2026 का हुआ समापन
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। जिला बैडमिंटन संघ की ओर से आयोजित 31वीं गुरुग्राम जिला बैडमिंटन चैंपियनशिप 2026 का समापन बुधवार को उत्साह और उमंग के साथ हुआ। पांच दिवसीय यह प्रतियोगिता 25 से 29 अप्रैल तक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न आयु वर्गों के खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन कर दर्शकों का दिल जीता। पुरुष एकल में धीरन और महिला एकल में अद्विका ने जीता खिताब।
पुरुष एकल के फाइनल में धीरन यादव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए आर्यन गोयल को 21-14, 21-15 से हराकर खिताब अपने नाम किया। वहीं, महिला एकल में अद्विका वर्मा ने दीक्षा यादव को 21-9, 21-14 से मात देकर चैंपियन बनीं। पुरुष युगल फाइनल में लक्की और योगेश की जोड़ी ने दीपेश सचदेवा व सैयम नागपाल को 21-16, 21-15 से हराकर जीत दर्ज की। अंडर-19 बालक एकल में आयुष्मान ने निशांत यादव को हराया और अंडर-17 में वेदांश ने रोमांचक मुकाबले में श्लोक रॉय चौधरी को 19-21, 21-12, 21-17 से मात दी। अंडर-15 में श्लोक रॉय चौधरी विजेता रहे और अंडर-13 में कबीर शास्त्री ने संघर्षपूर्ण मुकाबले में अर्जुन कुमार को हराया। अंडर-11 वर्ग में आयुष दलाल ने जीत हासिल की।
महिला वर्ग में अंडर-19 में देवांशी दलाल विजेता रहीं। अंडर-17 में भी देवांशी दलाल ने रिदम यादव को हराकर खिताब जीता। अंडर-15 में नव्या असवाल, अंडर-13 में समायरा मिश्रा और अंडर-11 में आस्मी रत्ना ने अपने-अपने वर्ग में जीत दर्ज की। युगल और मिश्रित वर्ग के मुकाबलों में भी खिलाड़ियों ने उच्च स्तर का खेल दिखाया, जिससे प्रतियोगिता का रोमांच अंत तक बना रहा। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि इस वर्ष प्रतियोगिता में रिकॉर्ड संख्या में खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया, जो जिले में बैडमिंटन के बढ़ते स्तर को दर्शाता है।
प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ी अब राज्य स्तरीय चैंपियनशिप के लिए पात्र होंगे। समापन समारोह में उद्योगपति रविंदर सिंघल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी और पुरस्कार देकर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का मंच प्रदान करते हैं।