-श्याम लाल कॉलेज ने शिवाजी कॉलेज को 128 रन से हराया
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। दिल्ली यूनिवर्सिटी स्टूडेंट यूनियन की आयोजित खेलो डीयू क्रिकेट टूर्नामेंट में श्याम लाल कॉलेज ने सेमीफाइनल में जगह बना ली है। क्वार्टरफाइनल मुकाबले में श्याम लाल कॉलेज ने शिवाजी कॉलेज को 128 रन से हराया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए श्याम लाल कॉलेज ने निर्धारित 15 ओवरों में 3 विकेट पर 204 रन का स्कोर खड़ा किया। रवि राज ने 36 गेंद पर 10 चौके और 4 छक्कों की मदद से 78 रन बनाए। आयुष पंचाल ने 30 गेंदों पर 53 रन की पारी खेली। पारस जैसवाल ने 9 गेंद पर 34 और आर्यन शर्मा ने 14 गेंद पर 23 रन की पारी खेली।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी शिवाजी कॉलेज की टीम 10 ओवर में 76 रन पर सिमट गई। श्याम लाल कॉलेज से देवांश बिष्ट ने 2 ओवर में सिर्फ 3 रन देकर 5 विकेट झटके। संदीप ने 3 ओवर में 26 रन देकर 2 विकेट हासिल किए।
इससे पहले खेले गए मुकाबले में श्याम लाल कॉलेज ने अरबिंदो कॉलेज को 4 विकेट से हराया था। उस मैच में अस्मित ने 31 रन बनाए, जबकि रवि राज ने 2 और संदीप ने 2 विकेट अपने नाम किए।