गुरुग्राम। बस अड्डे से झज्जर जा रही बस में करीब एक दर्जन नकाबपोश युवकों ने तोड़फोड़ की। घटना में तीन यात्री जख्मी हो गए। वारदात को अंजाम देकर आरोपी भाग गए। सूचना मिलते ही डिपो के चालक और पुलिस मौके पर पहुंचे। सेक्टर-14 थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
हरियाणा रोडवेज के चालक झज्जर निवासी श्याम लाल ने बताया कि बुधवार दोपहर करीब ढाई बजे अपनी ड्यूटी समाप्त कर विभाग की बस से झज्जर जा रहे थे। बस को चालक अजीत सिंह चला रहा था। जब बस महावीर चौक के पास पहुंची तो मुंह बांधे हुए करीब एक दर्जन युवक बस में चढ़ गए और अजीत को पीटने की बात कहने लगे। इस पर अजीत ने बात पूछते हुए बस के गेट बंद कर दिए। तब युवकों ने बस के शीशे तोड़ने शुरू कर दिए। इस दौरान बस में मौजूद मिस्त्री सचिन ने एक युवक को पहचान लिया। इस घटना में शीशा टूटने से तीन यात्रियों को चोट लगी है। घटना में घायल यात्री बिना पुलिस को शिकायत दिए ही चले गए। रोडवेज के चालक श्यामलाल की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वारदात को रंजिश में अंजाम दिया गया। मामला आईटीआई के छात्र गुट का लग रहा है। माना जा रहा है बस में निशुल्क सफर करने को लेकर पहले छात्रों की चालक व परिचालक से बहस हुई होगी। इसके बाद उन्होंने यह वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल आसपास क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में ले रहे हैं। जांच के बाद ही मामला स्पष्ट हो पाएगा।
-------