गुरुग्राम। अब लगभग प्रत्येक रविवार को सरकारी केंद्रों पर टीकाकरण की प्रक्रिया बंद रहती है। इसी क्रम में रविवार को भी केंद्रों पर टीका नहीं लगाया गया, जिससे लोगों को मायूस होकर लौटना पड़ा। वहीं, लोगों ने कहा कि टीकाकरण न होने की यदि समय पर सूचना दे दी जाए तो लोगों को समस्या नहीं होगी। हालांकि, अन्य दिनों के मुकाबले अब रविवार को टीकाकरण के लिए केंद्रों पर जाने वालों की संख्या कम हो रही है।
जिले में रविवार को निजी केंद्रों पर 4216 लोगों को कोरोना का टीका लगाया गया। सेक्टर-31 पॉलीक्लीनिक, फाजिलपुर, गुड़गांव गांव समेत कई केंद्र ऐसे रहे जहां बड़ी संख्या में लोग टीका लगवाने पहुंचे, लेकिन टीकाकरण न होने से लोगों को खाली हाथ लौटना पड़ा। इसी के साथ जिले में अब कुल लाभार्थियों की संख्या बढ़कर 1722507 पर पहुंच गई है।
18-44 में 2973 को लगा टीका
जिले में रविवार को 18-44 आयु वर्ग में 2973 लोगों को कोरोना का टीका लगाया गया। इसमें से 2387 ने पहली व 586 लोगों ने टीके की दूसरी डोज ली। वहीं, 45 साल से ज्यादा आयु वर्ग में 918 लोगों को टीका लगा। इसमें से 368 ने पहली व 550 लोगों ने टीके की दूसरी डोज ली। रविवार को 133 स्वास्थ्यकर्मियों को भी टीका लगा। इसमें से सिर्फ 3 ने पहली व 130 स्वास्थ्यकर्मियों ने टीके की दूसरी डोज ली जबकि 192 फ्रंटलाइन वर्कर्स ने टीका लगवाया। इसमें से 1 फ्रंटलाइन वर्कर ने पहली व 191 वर्कर्स ने टीके की दूसरी डोज ली। रविवार को 28 केंद्रों पर टीका लगाया गया।
सेक्टर-31 पॉलीक्लीनिक केंद्र में रोजाना ही टीका लगता है तो रविवार को भी आया था, लेकिन यहां आकर पता चला कि टीकाकरण बंद है। अब फिर से आना पड़ेगा।
- राहुल, निवासी झाड़सा
टीका लगवाने के लिए सेक्टर-10 नागरिक अस्पताल गया था लेकिन टीका नहीं लगाया जा सका। स्वास्थ्य विभाग को केंद्र पर पहले ही इसकी जानकारी दे देनी चाहिए। इससे लोगों को सुविधा होगी।
- महेश, निवासी बसई