गुरुग्राम। मौसम में बदलाव और प्रदूषण में बढ़ोतरी के बीच जिले में डेंगू और वायरल का प्रकोप थम नहीं रहा है। रोजाना ही डेंगू के नए मरीज सामने आ रहे हैं। सेक्टर-10 स्थित नागरिक अस्पताल के आपातकालीन विभाग में भी मरीजों की भीड़ बढ़ने लगी है। शनिवार को भी जिले में डेंगू के 3 नए मरीज मिले। इसके बाद कुल मरीजों की संख्या बढ़कर 265 पर पहुंच गई है। हालांकि, मलेरिया के मामले में स्थिति लगभग ठीक है। अब तक जिले में मलेरिया के कुल मरीजों की संख्या 2 पर ही सीमित है।
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों पर गौर करें तो ग्रामीण इलाकों में डेंगू का प्रकोप बढ़ रहा है। यही वजह है कि ग्रामीण इलाकों में रैपिड फीवर सर्वे पर ज्यादा जोर दिया जा रहा है। शनिवार को भी आए 3 नए मरीजों में से 2 मरीज फर्रूखनगर से आए, जबकि 1 मरीज गुरुग्राम का है। शनिवार को भी जिले में रैपिड फीवर सर्वेे के तहत 7896 घरों की जांच की गई, जिसमें से ग्रामीण इलाकों में 5335 व शहरी क्षेत्र में 2561 घरों की जांच की गई।
नागरिक अस्पताल किया जा रहा रेफर
ग्रामीण इलाकों में सामान्य बुखार का प्रकोप भी चरम पर है। नतीजा यह है कि थोड़ी सी भी स्थिति गंभीर होने पर सोहना व पटौदी स्थित उपमंडल अस्पतालों से मरीजों को सेक्टर-10 नागरिक अस्पताल रेफर कर दिया जाता है। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 5 सालों में इस वर्ष सर्वाधिक संख्या में डेंगू के नए मरीज आए हैं। वहीं, निजी अस्पताल डेंगू की आशंका व प्लेटलेट्स डाउन होने की बात कहकर बुखार के मरीजों को तुरंत भर्ती कर रहे हैं।
अब तक 13738 लोगों को नोटिस
डेंगू व वायरल के प्रकोप को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग जिले में हाउस टू हाउस सर्वे अभियान चला रहा है। रैपिड फीवर मास सर्वे की टीम अब तक 611355 घरों की जांच कर चुकी है। वहीं, डेंगू की जांच के लिए शनिवार को जिले में 69 मरीजों के सैंपल लिए गए। मच्छरों का लार्वा मिलने पर नगर निगम द्वारा अब तक जिले में कुल 13738 घरों को नोटिस दी जा चुकी है। इसी क्रम में शनिवार को भी जिले में 93 घरों को नोटिस दी गई। शनिवार को जिले में 15582 घरों की जांच की गई।