अमर उजाला ब्यूरो
गुुरुग्राम। बादशाहपुर पुलिस थाना क्षेत्र में जिला नगर योजनाकार विभाग की टीम ने पुलिस की सहायता से 2 अनाधिकृत कॉलोनियों में तोड़फोड़ अभियान चलाया। इसमें कुल 8 एकड़ के भूभाग में अनाधिकृत कालोनियों में ध्वस्तीकरण अभियान चलाया गया।
पहली कार्रवाई दरबारीपुर गांव की राजस्व संपदा में 3.5 एकड़ क्षेत्र में फैली अनाधिकृत कॉलोनी में हुई। इसमें 5 डीपीसी, 3 चहारदीवारी, एक निर्माणाधीन संरचना सहित पूर्ण सीवर नेटवर्क व सड़क नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया गया। दूसरी कार्रवाई फाजिलपुर झाड़सा गांव की राजस्व संपदा (खुला क्षेत्र) में 4.5 एकड़ क्षेत्र में फैली अनधिकृत कॉलोनी में हुई। इसमें डीपीसी व पूर्ण मिट्टी के सड़क नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया गया है। डीटीपी अमित मधोलिया ने बताया किसी भी हाल में अनाधिकृत निर्माण को मंजूरी नहीं दी जाएगी। इसके लिए विभाग से मंजूरी लेना बेहद जरूरी है। वहीं दूसरी ओर तोड़फोड़ की बाद बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ देखी गई। हालांकि मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद होने के कारण किसी तरह का कोई हंगामा नहीं हो पाया।