हमलावर दुकान से 38 हजार रुपये उठाकर ले गए
संवाद न्यूज एजेंसी
सोहना। सोहना कस्बे में बैंड बाजा दुकानदार पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। आरोपी टेम्पो में सवार होकर आए थे जिनकी संख्या 10 बताई जाती है। आरोप है कि हमलावर दुकान से 38 हजार रुपये की नकदी उठाकर ले गए। वहीं पीड़ित दुकानदार की हालत गम्भीर है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
कस्बे के वार्ड नम्बर 9, गांव जखोपुर निवासी राजू बैंड बाजे की दुकान चलाता है। मंगलवार की सुबह एक लोडिंग वाला टेम्पो दुकान के सामने आकर रुका जिसमें करीब 10 लोग सवार थे, जो लाठी डंडे लेकर नीचे उतरे। दुकान पर बैठे राजू के साथ गाली गलौच करने लगे जिन्होंने विवाद बढ़ने पर दुकानदार राजू के साथ मारपीट करनी शुरू कर दी। दुकान में रखे सामान की भी तोड़फोड़ करनी शुरू कर दी। शोर होने पर आसपास के दुकानदार एकत्रित हो गए जिन्होंने दोनों पक्षों का बीच बचाव कराया। लोगों के पहुंचने पर सभी हमलावर टेम्पो में सवार होकर भाग निकले। पीड़ित दुकानदार राजू को उपचार के लिए स्थानीय नागरिक अस्पताल ले जाया गया किन्तु चोट ज्यादा होने के कारण उसको गुरुग्राम के लिए रेफर कर दिया गया है। पीड़ित दुकानदार के बेटे समीर ने बताया कि झगड़े के दौरान आरोपी हमलावर काउंटर पर रखे 38 हजार रुपये उठाकर ले गए हैं। हमला करने वालों में एक की पहचान हो गई है जो जिला नूंह के गांव किरा निवासी राहुल है जिससे उसके पिता राजू को 30 हजार रुपये लेने थे। राजू उनसे अपने पैसों की करीब 3 वर्षों से मांग कर रहा था। जो कई बार धमकियां भी दे चुका था। मामले में सिटी थाना प्रभारी रविन्द्र सिंह बताते हैं कि झगड़े की सूचना मिल चुकी है। अभी तक किसी भी पक्ष द्वारा शिकायत नहीं दी गई है। शिकायत आने पर मामला दर्ज किया जाएगा।