पहले युवती के साथ बनाई अश्लील वीडियो, फिर बताया कि कर ली आत्महत्या
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। साइबर ठगों ने एक महिला की मदद से रिटायर्ड ब्रिगेडियर को सेक्सटॉर्शन में फंसा लिया और पैसे ठग लिए। साइबर ठगों ने पीड़ित को बताया कि युवती ने आत्महत्या कर ली है। पांच लाख में मामला निपट सकता है। रिटायर्ड ब्रिगेडियर ने इसकी एवज में दो लाख रुपये ठगों के बताए नंबर पर भेज दिए। इसी बीच पीड़ित यह देखकर हैरान रह गया कि जिस नंबर पर पैसे भेजे गए हैं, वह उसी युवती का था, जिसने उसे अश्लील वीडियो कॉल की थी। खास बात यह थी कि युवती अपने नंबर पर ऑनलाइन थी। इसके बाद ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने पुलिस में मामला दर्ज कराया।
सेक्टर-56 निवासी सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर ने पुलिस में दी शिकायत में बताया कि फेसबुक मित्र सोनिया शर्मा के मोबाइल पर व्हाट्सएप के माध्यम से चैट करना था। उसने 12 नवंबर को वीडियो कॉल उठाने का अनुरोध किया और उन्होंने उठा लिया था। दूसरी ओर एक नग्न लड़की थी। इस पर उन्होंने कॉल काट दी और महिला को अपने फेसबुक और मैसेंजर मित्र सूची से हटा दिया था। 15 नवंबर को एक युवक का फोन आया और बताया कि उनका एक अश्लील वीडियो बनाया गया है और सोशल मीडिया पर अपलोड किया जा रहा है। पीड़ित ने बताया कि कुछ देर बाद एक दूसरी कॉल आई। आरोपी ने खुद को क्राइम ब्रांच दिल्ली से प्रेम प्रकाश बताया। उनकी डीपी में प्रेम प्रकाश की पुलिस वर्दी में तस्वीर थी। आरोपी ने कहा कि उनका अश्लील वीडियो उसने देखा है। आरोपी ने कहा कि फेसबुक और यूट्यूब एजेंट से संपर्क कर उसे हटवा दें। फेसबुक प्रतिनिधि से बात करने पर कुछ पैसे देने को कहा गया।
इसके बाद क्राइम ब्रांच से एक पुलिस कर्मी का फोन आया और बोला कि सोनिया ने आत्महत्या कर ली है और ब्रिगेडियर को आरोपी ठहराते हुए एक सुसाइड नोट छोड़ा है। लड़की के माता-पिता दिल्ली में क्राइम ब्रांच कार्यालय में हैं और पांच लाख रुपये की मांग कर रहे हैं। इस पर उन्होंने दो लाख देना स्वीकार कर लिया। पीड़ित के अनुसार, दिया गया नंबर सोनिया का मिला और वह ऑनलाइन थी। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया और मामले की जांच कर रही है।