आगे उन्होंने बताया कि जिले में वरिष्ठ अधिकारियों की अध्यक्षता में आठ टीमों का गठन किया गया है, जो जगह-जगह छापा मारकर आरोपियों की पहचान कर रही है। इसके अलावा जिले में तीन डीएसपी स्तर के अधिकारियों की अध्यक्षता में एसआईटी गठित की गई है, जो गहनता से मामले की जांच कर रही है।
जिले में अब तक 57 एफआईआर व 188 लोगों की गिरफ्तारी की गई है। इसके अलावा इस घटनाक्रम में पुलिस के जवानों सहित कुल 88 लोग घायल हुए हैं, जबकि छह (4 नूंह और 2 गुरुग्राम) लोगों की मृत्यु की पुष्टि की गई है। उन्होंने बताया कि जिले में आमजन की सुविधा के लिए 10 से दोपहर 3 बजे तक बैंक व एटीएम के अलावा सुबह 7 से दोपहर 3 बजे तक कर्फ्यू के समय में ढील दी गई, जिससे लोग जरूरी सामान की खरीदारी कर सकें।
जिले में कानून व शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए नूंह पुलिस के 1900 जवानों के अतिरिक्त पुलिस बल की 31 कंपनियां तैनात की गई हैं। पुलिस बल द्वारा लगातार फ्लैग मार्च निकाला जा रहा है और लोगों से अमन व चैन बनाए रखने की अपील की जा रही है। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने के मामले में अब तक 11 एफआईआर दर्ज की गई है। जिले में एहतियात के तौर पर 11 अगस्त तक इंटरनेट सेवाओं को बंद किया गया है और आगे की स्थिति का आंकलन करने के बाद इंटरनेट सेवा को बहाल किया जाएगा।