एनएचएआई जांच रिपोर्ट के अनुसार फ्लाईओवर पर काम कराएगा
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। हीरो होंडा फ्लाईओवर के लिए केंद्रीय सड़क अनुसंधान संस्थान (सीआरआरआई) की रिपोर्ट का इंतजार है। इसी रिपोर्ट के अनुसार राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की ओर से फ्लाईओवर पर कार्य कराया जाएगा। हालांकि रिपोर्ट जल्द आने की उम्मीद है।
हीरो होंडा फ्लाईओवर का जयपुर से गुरुग्राम का भाग जनवरी में क्षतिग्रस्त हो गया था। इसकी जांच एनएचएआई ने सीआरआरआई से कराई है। सीआरआरआई की टीम निर्माण के सैंपल ले चुकी है। अब रिपोर्ट आने पर साफ होगा कि हीरो होंडा चौक सफर के लिए सुरक्षित है या असुरक्षित।
वर्ष 2018 में करीब 200 करोड़ रुपये की लागत से बनकर तैयार हुए दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे पर हीरो होंडा चौक फ्लाईओवर का जयपुर से दिल्ली की जाने वाला मार्ग इसी साल दो जनवरी को क्षतिग्रस्त हो गया था। इसके बाद से ही इस हिस्से पर बैरिकेड लगा दिया गया है। एनएचएआई के अनुसार रिपोर्ट आने के बाद ही फ्लाईओवर के बारे में कोई निर्णय लिया जाएगा। इसी आधार पर निर्णय लिया जाएगा इसे तोड़ा जाए या रिपेयर किया जाए।