तेज रफ्तार कार का टायर फटा, खंभा में टकराने से एक की मौत
-मृतक का ममेरा भाई गंभीर हालत में दिल्ली रेफर
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। राजीव चौक अंडरपास हादसों का पर्याय बनता जा रहा है। रविवार देर रात एक तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार का टायर फट गया। जिससे वो असंतुलित होकर खंभे से टकरा गई। इस घटना में ड्राइवर सीट पर बैठे युवक की मौत हो गई, जबकि उसका सॉफ्टवेयर इंजीनियर ममेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों सेक्टर-57 से सिविल लाइन जा रहे थे। पुलिस ने करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद उन्हें दुर्घटनाग्रस्त कार से बाहर निकाला। सोमवार को शव परिजनों को सौंप दिया गया।
सिविल लाइन निवासी विवेक यादव अपने भाई सॉफ्टवेयर इंजीनियर राहुल के साथ सेक्टर-57 में बन रहे मकान को देखने के लिए अपनी कार से रविवार रात करीब 8 बजे गए थे। रात करीब 12 बजे लौट रहे थे। जब कार राजीव चौक अंडरपास पहुंची तो कार का अगला टायर फट गया। जिससे विवेक का कार से नियंत्रण छूट गया और वो सड़क के बीच बने डिवाइडर पर लगे खंभे से जा टकराई। जिसमें दोनों को गंभीर चोटें आईं।
अस्पताल में इलाज के दौरान विवेक ने दम तोड़ दिया। जबकि राहुल को गंभीर हालत में दिल्ली रेफर कर दिया गया। शिवाजी नगर थाना प्रभारी निरीक्षक राजपाल यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गाड़ी तेज रफ्तार में थी। गाड़ी का अगला टायर फटने के कारण वो अनियंत्रित हो गई और खंभे से जा टकराई।