हथियार के बल पर पुलिस गाड़ी लूटने का प्रयास करते चार दबोचे
-सवारियों को गाड़ी में बैठाकर लूटने वाले गिरोह के सदस्य हैं आरोपी
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। अपराध शाखा सेक्टर-17 ने एनएच-8 के पास से बुधवार देर रात गाड़ी में सवारियों को बैठाकर लूटने वाले गिरोह को काबू किया। आरोपी पुलिस की गाड़ी को रुकवाकर हथियार के बल पर लूटने का प्रयास कर रहे थे। जैसे ही पुलिसकर्मियों ने गाड़ी के अंदर की लाइट जलाई तो बदमाश भागने लगे, पर उन्हें कुछ ही देर बाद काबू कर लिया गया। आरोपियों से पुलिस ने देसी कट्टा, सरिया सहित वारदात के लिए इस्तेमाल की जाने वाली कार बरामद की है।
पुलिस के अनुसार अपराध शाखा सेक्टर-17 को सूचना मिली कि सवारियों को गाड़ी में बैठाकर उनसे धोखाधड़ी कर नकदी व कीमती सामान छीनने वाले गिरोह के सदस्य एनएच-8 से सुखराली जाने वाली सड़क पर मौजूद हैं। इस पर अपराध शाखा टीम गठित कर मौके पर पहुंची। जब टीम एनएच-8 से सुखराली की तरफ जाने के लिए मुड़ रही थी तो इस दौरान एक कार सड़क किनारे खड़ी थी। गाड़ी के साथ 4 लोग खड़े थे, जिन्होंने पुलिस की गाड़ी को टॉर्च लाइट दिखाकर रुकवा लिया। गाड़ी रुकते ही आरोपियों ने पुलिस की गाड़ी को बंद कर चाबी खींचने का प्रयास किया। चारों युवकों ने गाड़ी में तैनात पुलिसकर्मियों पर हथियार तानते हुए लूटपाट की कोशिश की तो पुलिसकर्मियों ने गाड़ी के अंदर की लाइट जला दी। पुलिसकर्मियों को देखा तो भागने का प्रयास करने लगे। इस पर टीम ने उन्हें काबू कर लिया। आरोपियों की पहचान खजूरी खास दिल्ली निवासी महाराज उर्फ मनोज, संगम विहार लोनी गाजियाबाद निवासी धर्मेन्द्र, अशोक नगर शाहदरा निवासी सुरेश तथा अलीगढ़ उत्तर प्रदेश के गांव घनशारी निवासी राजू के रूप में हुई।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गाड़ी महाराज उर्फ मनोज की थी जो उसने किश्तों पर ली थी। वह गाड़ी में सवारी बैठा लेते थे और उसे चेकिंग का डर दिखाकर उनके गहने, नकदी सहित कीमती सामान एक थैली में रखवा लेते थे और उन्हें धोखे से दूसरी थैली पकड़ा देते थे। मना करने वाले को बीच रास्ते में उतारने का डर व हथियार दिखाकर जबरदस्ती सामान ले लेते थे और नीचे उतार देते थे। गाड़ी की किश्त व तेल का खर्चा निकालने के बाद जो भी बचता था उसे आपस में बांट लेते थे। इनकी गैंग में राजू कुछ समय पहले से ही शामिल हुआ था। आरोपी जनवरी से लगातार सक्रिय थे और वारदात को अंजाम देने के लए गुरुग्राम आते थे।