आईजी जेल करेंगे मामले की जांच, महानिदेशक के आदेश
गुरुग्राम। जेल में बंद कैदियों से सुविधाओं के नाम पर उगाही करने व मारपीट करने के मामले में जेल महानिदेशक के. सेलवराज ने जांच के आदेश दिए हैं। यह जांच आईजी जेल करेंगे। इसकी रिपोर्ट के आधार पर ही कार्रवाई की जाएगी। अमर उजाला ने 19 नवंबर के अंक में कैदियों से मारपीट करने व जेल में सुविधाओं की कीमत को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। जिस पर संज्ञान लेते हुए जेल महानिदेशक (हरियाणा) ने आदेश जारी किए हैं।
भोंडसी स्थित जिला जेल में कैदियों से मारपीट करने व सुविधाओं के नाम पर उगाही करने का मामला सामने आया था। परिजनों को जब इस बात की भनक लगी तो उन्होंने 18 नवंबर को भोंडसी जेल के बाहर जेल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की । इसी दौरान जमीनी विवाद में जेल से जमानत पर बाहर आए एक कैदी ने जेल में चल रही सुविधाओं की कीमत के खेल का भी खुलासा किया था। जिसको अमर उजाला ने 19 नवंबर के अंक में प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इस खबर पर संज्ञान लेते हुए जेल महानिदेशक ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। पूरे मामले की जांच के लिए आईजी जेल को लगाया गया है जिन्हें जल्द से जल्द रिपोर्ट सौंपने के आदेश हैं।