जेल में कैदियों के पास से मिले मोबाइल
-जेल प्रबंधन कर रहा जांच, खंगाली जाएगी कॉल डिटेल
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। भोंडसी जेल में बृहस्पतिवार शाम को औचक निरीक्षण के दौरान दो बंदियों से मोबाइल फोन बरामद होने के बाद हड़कंप मच गया। जेल अधिकारियों ने मोबाइल फोन का जब्त कर लिया। जेल के अंदर कैदियों के पास मोबाइल फोन मिलने की जांच की जा रही है। जेल प्रबंधन की शिकायत पर भोंडसी थाना पुलिस ने दो के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच कर रही है।
बृहस्पतिवार शाम करीब सात बजे जेल की क्यूआरटी टीम और सुरक्षा वार्ड इंचार्ज ने वार्डन नंबर 5बी में बंदियों की औचक तलाशी ली। इस दौरान यहां कैद बंदी फर्रुखनगर निवासी होशियार सिंह उर्फ मनोज के पास से टीम को एमआई का बिना सिम का मोबाइल बरामद हुआ। जांच में सामने आया कि मोबाइल के आईएमईए नंबर मिटाए हुए थे। मोबाइल मिलने के बाद जेल अधिकारियों ने वार्ड नंबर-1ए की तलाशी ली जिसमें हवालाती यूपी के फिरोजाबाद के महाराजपुर निवासी युगदीप उर्फ यीसू प्रताप के पास से एक चालू (वर्किंग) मोबाइल बरामद हुआ। इसके बाद कई बैरक में कैदियों की जांच पड़ताल की गई। मोबाइल मिलने की घटना के बाद जेल प्रबंधन जेल के अंदर कैदियों के पास मोबाइल फोन पहुंचने की जांच कर रहा है। जिसमें उस चालू मोबाइल की कॉल डिटेल भी खंगाली जा रही है। फिलहाल भोंडसी थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बता दें कि इससे पहले भी भोंडसी जेल में कई बार मोबाइल और सुल्फा मिलने की घटनाएं सामने आ चुकी है।
--कुमार हरिओम