बिजली चोरी रोकने गई टीम को ग्रामीणों ने पीटा
-एसडीओ की शिकायत पर मामला दर्ज, चार नामजद में से तीन 3 गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
सोहना। रविवार सुबह गांव अलीपुर में बिजली चोरी पकड़ने गई टीम पर ग्रामीणों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। ग्रामीणों ने विभाग के एसडीओ, जेई, लाइनमैन व सुरक्षाकर्मियों के साथ मारपीट की। जिससे कर्मचारियों को मौके से भागना पड़ा। बादशाहपुर एसडीओ के बयान पर भोंडसी थाना पुलिस ने 4 नामजद सहित अन्य ग्रामीणों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बिजली विभाग बादशाहपुर को गांव अलीपुर में बिजली चोरी की शिकायतें मिल रही थीं। एसडीओ धर्मेंद्र रुहिल ने टीम बनाकर रविवार सुबह गांव में छापामारी की। टीम ने सबसे पहले गांव अलीपुर निवासी सुनील के घर छापा मारा। एसडीओ के अनुसार, उक्त घर में बिजली की डायरेक्ट सप्लाई लेकर चोरी की जा रही थी। विभाग ने मीटर को जब्त करने की कार्रवाई शुरू कर दी। इस दौरान ग्रामीणों ने टीम पर हमला बोल दिया। टीम ने मामले की शिकायत भोंडसी थाना पुलिस को दी है।
वहीं दूसरी तरफ ग्रामीणों का कहना है कि जिस समय टीम ने छापा मारा, उस समय गांव में बिजली ही नहीं थी। आरोप है कि विभागीय टीम ने घरों में घुसकर महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार किया, जिससे ग्रामीणों में गुस्सा भड़क गया। भोंडसी थाना प्रभारी उमेश ने बताया कि इस संबंध में निगम के एसडीओ के बयान पर गांव अलीपुर के चार युवकों-सुनील, योगेश, जॉनी व रज्जत के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है, जिनमें से तीन युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया है। चौथे युवक की तलाश जारी है।