गुरुग्राम। द्वारका एक्सप्रेसवे पर हथियाबंद बदमाशों ने एक कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी की गाड़ी रुकवाकर उनको बंधक बना लिया। आरोपियों ने उनसे मारपीट कर एटीएम कार्ड छीन लिया और रुपये निकाल लिए। पीड़ित ने इसकी शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार सरस्वती इंकलेव निवासी सुखदेव ने शिकायत में कहा कि वे आईएमटी मानेसर के सेक्टर-7 स्थित नील मेटल प्रोडक्शन कंपनी में वरिष्ठ पद पर कार्यरत हैं। 21 नवंबर की सुबह वे ड्यूटी पर जा रहे थे। गांव हरसरू के पास बिना नंबर की स्कॉरपियो ने उनका रास्ता रोका और दो हथियारबंद बदमाश उतरे और उसकी गाड़ी में सवार हो गए।
बदमाशों ने उनसे लूटपाट की। आरोपियों ने उनका एटीएम कार्ड छीनकर स्कॉरपियो में सवार तीसरे युवक को दे दिया जिसने एटीएम से 35 हजार रुपये निकले। आरोप है कि जब तक तीसरा व्यक्ति एटीएम कार्ड से रुपये निकालकर वापस नहीं आया तब तक आरोपियों ने उन्हें बंधक बनाए रखा। बाद में वे तीनों किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।