फर्जी ओसी से दो बिल्डर कंपनियों ने करा ली इमारत की रजिस्ट्री
-जिला नगर योजनाकार की शिकायत पर पुलिस ने दर्ज किया मामला
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। फर्जी ऑक्यूपेसी प्रमाण पत्र (ओसी) दिखाकर बिल्डिंग की रजिस्ट्री कराने के मामले में जिला नगर योजनाकार (प्लानिंग) ने पुलिस में दो बिल्डर कंपनियों के खिलाफ शिकायत दी है। पुलिस ने कंपनियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सेक्टर-56 थाना पुलिस को दी शिकायत के मुताबिक दिल्ली के एरनेस इंफोटेक प्राइवेट लिमिटेड व अन्य के अलावा सीनियर बिल्डर्स लिमिटेड की गुरुग्राम स्थित इमारत में चार ब्लॉक हैं। इनमें से बी और सी ब्लाक के लिए नगर योजनाकार विभाग ने वर्ष 2005 में ओसी दे दिया था, लेकिन एक ब्लॉक में खामी होने की वजह से फाइल वापस कर दी गई थी। इसमें बिल्डर को जरूरी सुधार कर दोबारा से फाइल लगाने को कहा गया था। जिला नगर योजनाकार आरएस बाट के मुताबिक बिल्डर ने दोबारा फाइल लगाने की बजाय 2009 में फर्जी ओसी दिखा कर सहकारिता विभाग के सब रजिस्ट्रार के कार्यालय से इमारत की रजिस्ट्री ही करा डाली। विभाग के मुताबिक मामले का खुलासा होने के बाद अपने स्तर पर जांच कराई गई, आरोप की पुष्ट होने के बाद पुलिस आयुक्त से बिल्डर के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने का आग्रह किया था। शुक्रवार शाम को पुलिस ने बिल्डर दिल्ली के एरनेस इंफोटेक प्राइवेट लिमिटेड व अन्य के अलावा सीनियर बिल्डर्स लिमिटेड के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।