अलीगढ़ के ध्यानार्थ
सॉफ्टवेयर इंजीनियर पर पत्नी की हत्या का आरोप
- पिता के बयान पर पति समेत पांच के खिलाफ मामला दर्ज किया, जांच शुरू
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। एक निजी कंपनी में कार्यरत सॉफ्टवेयर इंजीनियर पर अपने परिवार के लोगों के साथ मिलकर पत्नी की हत्या करने का आरोप लगा है। मृतका के पिता के बयान पर पुलिस ने आरोपी पति प्रवर समेत माता-पिता, बहन-बहनोई के खिलाफ दहेज हत्या समेत अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी के मुताबिक अभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की गई है, मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
यूपी अलीगढ़ के शिवपुरी निवासी महेश कुमार ने पालम विहार थाना पुलिस को दी शिकायत के मुताबिक उनकी बेटी की शादी दिसंबर 2017 में अलीगढ़ के प्रवर से हुई थी। प्रवर गुरुग्राम स्थित एक निजी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर पद पर कार्यरत हैं। शादी के कुछ महीने बाद ही पति समेत ससुराल पक्ष के लोग बेटी को दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे थे। इसी दौरान उसे बच्चा हो गया। चार माह का बच्चा होने के बाद अप्रैल में दामाद बेटी को लेकर गुरुग्राम आ गया था। 23 अप्रैल को दामाद ने कॉल कर बताया कि बाथरूम में गिरने से उनकी बेटी की मौत हो गई है। उसे अपनी गाड़ी से लेकर पहले प्रवर गाजियाबाद स्थित अपने दीदी व जीजा के यहां पहुंचा, फिर वहां से अलीगढ़ ले आया। मृतका के पिता के मुताबिक बेटी के शव को निजी गाड़ी में लेकर आने, दामाद समेत उनके परिजनों के मृतका का अंतिम संस्कार में जल्दबाजी को देखते हुए उन्हें पूरी आशंका है कि दामाद ने अपने परिजनों के साथ मिलकर बेटी की हत्या कर उसे साधारण मौत दिखाने की कोशिश की। इस संबंध में पालम विहार थाना पुलिस को परिजनों ने शिकायत दी, जिस पर सोमवार शाम को पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
------