सोहना में डॉक्टर की हत्या का चौथा आरोपी भी गिरफ्तार
गुरुग्राम। 7 अगस्त 2012 को गांव सिलानी में क्लीनिक बंद करने के दौरान डॉक्टर महासिंह की गोली मारकर हत्या में फरार चौथे आरोपी को गुरुग्राम पुलिस की अपराध शाखा सोहना ने गिरफ्तार कर लिया है। बीते माह तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को मिले सबूतों के आधार पर यह सफलता मिली। पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ है कि पकड़े गए आरोपी ने ही सुपारी लेने वाले तीनों आरोपियों के लिए चोरी की बाइक की व्यवस्था की थी। पुलिस इस मामले में मुख्यारोपी सरपंच की तलाश में जुटी हुई है।
गुरुग्राम पुलिस प्रवक्ता सुभाष बोकन ने बताया कि महासिंह की पत्नी गांव अहीर माजरा गांव की रहने वाली थी। उसके गांव के सरपंच धर्मबीर के साथ अवैध संबंध थे। ऐसे में डॉक्टर को रास्ते से हटाने के लिए सरपंच धर्मबीर ने 25 लाख की शूटरों को सुपारी देकर 7 अगस्त 2012 को हत्या कराई थी।
सोहना अपराध शाखा प्रभारी निरीक्षक सतेंद्र सिंह ने 20 फरवरी को सोनीपत के गांव खेड़ी गुर्जर निवासी रिजवान (34), विक्रम (33) व गांव समसपुर सोनीपत निवासी जयदीप (33) को गिरफ्तार किया था। शनिवार को सीआईए टीम ने छापा मारते हुए पालड़ी खुर्द निवासी राजू को भी दबोच लिया। पुलिस के मुताबिक राजू ने ही इस वारदात में चोरी की बाइक आरोपियों को दी थी, जिसे आरोपी वारदात के बाद मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए थे। रविवार को ड्यूटी मजिस्ट्रेट के सामने पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
----------------