बीस ओवर फेंककर आठ की इकोनॉमी से छह विकेट के साथ मैन ऑफ द मैच का अवॉर्ड जीता
दिनेश वर्मा
गुरुग्राम। दिल्ली प्रीमियर लीग में ईस्ट दिल्ली की ओर से क्रिकेटर रोहित यादव ने अच्छा प्रदर्शन किया है। उन्होंने छह मैचों में 140 किमी की रफ्तार से इन स्विंग यॉर्कर बॉल से बीस ओवर फेंककर आठ की इकोनॉमी से छह विकेट के साथ मैन ऑफ द मैच का अवॉर्ड लेकर जिले का नाम रोशन किया।
वजीराबाद निवासी रोहित यादव पिछले तीन साल से आईपीएल की राजस्थान रॉयल टीम के स्क्वायड से जुड़े हुए हैं। साल 2023 में राजस्थान रॉयल ने रोहित यादव को अपनी टीम के स्क्वायड में शामिल किया था। पैट कमिंस को अपना आइडल मानने वाले रोहित यादव का सपना इंडिया के लिए खेलना है, जिसके लिए फास्ट बॉलिंग कोच आयुष अरोड़ा से कोचिंग ले रहे है। इसके साथ ही अपनी गेंदबाजी को तराशने के लिए भारतीय क्रिकेट दिग्गज बॉलर ईशांत शर्मा व नवदीप सैनी से टिप्स ले रहे हैं।
रोहित यादव ने बताया कि भारत को प्रथम वर्ल्ड कप ट्रॉफी दिलाने वाले क्रिकेटर कपिल देव की बायोग्राफी पढ़कर क्रिकेट खेलने की प्रेरणा मिली। उन्होंने बताया कि 2012 में सहवाग इंटरनेशनल स्कूल से खेलने की शुरुआत की। उसके बाद गुरुग्राम के बादशाहपुर स्थित लॉन्च पैड एकेडमी में खेलना शुरू किया और अभी भी यहीं अभ्यास करते हैं। रोहित यादव ने बताया कि चार साल तक दिल्ली छावला में एयर इंडिया स्टाईफंड, तिलक नगर कोल्ट्स से और अभी रजनी गंधा क्लब से खेल रहे हैं।
रोहित यादव ने बताया कि 2022 में दिल्ली डिस्ट्रिक्ट एसोसिएशन की ओर से दिल्ली की रणजी ट्रॉफी टीम के स्क्वायड में उनका नाम आ गया। इसी के आधार पर पिछले साल दिल्ली प्रीमियम लीग की वेस्ट दिल्ली टीम में चयन हुआ और इस साल ईस्ट दिल्ली की ओर से डीपीएल में खेले।
रोहित ने बताया कि पिछले वर्ष छह मैचों में 12 ओवर फेंकने का मौका मिला, जिसमें 9.50 की औसत से छह विकेट मिले। इस साल ईस्ट दिल्ली की ओर से नौ मैचों में प्लेइंग इलेवन में चयन हुआ, जिसमें दो मैच बारिश के कारण वॉश आउट हो गए। एक मैच में स्पिन ट्रैक होने के कारण बॉलिंग का मौका नहीं मिला। छह मैचों में आठ की इकोनॉमी से छह विकेट लिए। उन्होंने कहा कि वे और बेहतर बोलिंग के लिए लाइन लेंथ पर काम कर रहे हैं। रोहित यादव ने कहा इस मेहनत के पीछे उसके माता- पिता का बहुत बड़ा हाथ है, वह हमेशा प्रोत्साहित करते रहते हैं।