मानेसर नगर निगम आयुक्त ने पार्षदों के साथ बैठक में दिए आदेश
वार्डों में बने सामुदायिक केंद्र, बैडमिंटन कोर्ट में चौकीदार नियुक्त होंगे
अमर उजाला ब्यूरो
मानेसर। नगर निगम आयुक्त ने कहा कि निगम अधिकारी और पार्षद मिलकर जनहित के कामों को प्राथमिकता से पूरा करें। वार्डों में बने कम्युनिटी सेंटर, चौपाल, बैडमिंटन कोर्ट आदि के रखरखाव के लिए एचकेआरएन के माध्यम से चौकीदार नियुक्त किए जाएंगे। गांवों में जोहड़ की जमीन को अतिक्रमण मुक्त करवाकर उसका सौंदर्यीकरण करवाया जाएगा।
बृहस्पतिवार को नगर निगम आयुक्त आयुष सिन्हा ने वार्ड 9,11,14 और 16 के पार्षदों के साथ बैठक में यह बात कही। उनके साथ सीनियर डिप्टी मेयर प्रवीन यादव, डिप्टी मेयर रीमा चौहान भी मौजूद रहे। सीनियर डिप्टी मेयर ने कहा कि निगम क्षेत्र में वाटिका, रामपुरा और आईएमटी तीन फ्लाईओवर आते हैं। इनके नीचे वर्टिकल गार्डन बनाए जाने चाहिए। इसके अलावा गांवों में जोहड़ की भूमि पर पंचायत के समय से ही कुछ लोगों ने कब्जा किया हुआ है, कब्जे को हटाकर जोहड़ों का सौंदर्यीकरण करवाया जाना सुनिश्चित करें। इस पर आयुक्त ने निगम अधिकारियों को आदेश देते हुए कहा कि पुराने रिकाॅर्ड के अनुसार जोहड़ों की निशानदेही करवाकर वहां सौंदर्यीकरण करने के लिए प्रपोजल तैयार करें।
इस दौरान वार्ड पार्षदों ने अपने अपने वार्ड की समस्याओं से आयुक्त को अवगत करवाया। आयुक्त ने पार्षदों को बताया कि नाली, नालों की सफाई होने के बाद गंदगी को 24 घंटे के भीतर उठाया जाएगा। सफाई के कामों के लिए संसाधन बढ़ाए जा रहे हैं। सभी वार्डों में फाॅगिंग करवाई जाएगी। फाॅगिंग का रोस्टर पार्षदों के साथ साझा किया जाएगा। निगम क्षेत्र के गांवों से रोजाना उठने वाले कूड़े के लिए गांव में एक शेड का निर्माण किया जाएगा। इस मौके पर नगर निगम के संयुक्त आयुक्त हितेंद्र कुमार, लोकेश, पार्षद ज्योति वर्मा, मनोज कुमार, दयाराम, एक्सईएन मनदीप धनखड़, एसडीओ शशिकांत,अनिल मलिक, विपिन बूरा, विकास शर्मा, एसओ एमएस सोढ़ी सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।