-उपायुक्त की अध्यक्षता में हुई बैठक में मतदाता सूची को शुद्ध व त्रुटिरहित बनाने पर जोर
संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अखिल पिलानी की अध्यक्षता में सोमवार को विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 (एसआईआर) को लेकर विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने पर जोर दिया गया।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों से शीघ्र बीएलए-2 (बूथ लेवल एजेंट) नियुक्त करने का आग्रह किया, ताकि पुनरीक्षण कार्य सुचारू रूप से पूरा किया जा सके। उन्होंने कहा कि मृत मतदाताओं के नाम हटाने, दोहरी प्रविष्टियां समाप्त करने, स्थानांतरित मतदाताओं की जानकारी अपडेट करने और नए पात्र मतदाताओं को सूची में शामिल करना इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने बताया कि हरियाणा में विशेष गहन पुनरीक्षण अंतिम बार वर्ष 2002 में हुआ था। इस बार 15 जून 2026 से बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं की जानकारी एकत्रित करेंगे, जबकि 14 जुलाई तक मतदान केंद्रों का रेशनलाइजेशन किया जाएगा।
प्रारूप मतदाता सूची 21 जुलाई को प्रकाशित होगी तथा 21 जुलाई से 20 अगस्त तक दावे एवं आपत्तियां ली जाएंगी। अंतिम मतदाता सूची 22 सितंबर 2026 को जारी की जाएगी। उन्होंने कहा कि गणना प्रपत्र भरने की प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यम उपलब्ध रहेंगे। बैठक में भाजपा से दिनेश नागपाल, कांग्रेस से महताब अहमद, इनेलो से इब्राहिम पहलवान और जेजेपी से नासिर हुसैन सहित अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे।