गुरुग्राम। बढ़ती महंगाई के खिलाफ कांग्रेस ने सड़कों पर उतर कर भाजपा सरकार के खिलाफ हुंकार भर मोदी हटाओ आंदोलन की शुरुआत की। कांग्रेसियों ने कहा कि नौ अगस्त को महात्मा गांधी ने अंग्रेजों भारत छोड़ो आंदोलन आरंभ किया था, उसी तर्ज पर कांग्रेस ने मोदी हटाओ आंदोलन की शुरुआत की है। प्रदर्शन से पूर्व सभी कांग्रेसी कार्यकर्ता कमान सराय स्थिति कांग्रेस कार्यालय में एकत्रित हुए यहां से महाराजा अग्रसेन चौक होते हुए बड़ा डाकखाना (सदर बाजार ) चौक पहुंचे।
प्रदर्शन की अगुवाई पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं विभिन्न मंत्रालयों की कमान संभाल चुके पूर्व मंत्री कप्तान अजय यादव ने की। अजय यादव ने कहा कि नौ अगस्त को ही कांग्रेस पार्टी की ओर से महात्मा गांधी व पंडित जवाहरलाल नेहरू जैसे महान नेताओं के नेतृत्व में अंग्रेजों भारत छोड़ो आंदोलन चलाया गया था। मौजूदा समय में देश के जो हालात हैं उनसे देश को निकालने के लिए मोदी हटाओ अभियान चलाने का समय आ गया है। कप्तान अजय ने कहा कि तिरंगा यात्रा करके भाजपा सरकार अपनी नाकामियों को छुपाना चाहती है। एक के बाद एक पेपर लीक हो रहे हैं और सरकार के पास इस बात का कोई जवाब नही है। इस मौके पर राव कमलवीर, सुनीता सहरावत, ओबीसी सेल के अध्यक्ष लाल सिंह यादव, ओबीसी सेल के राष्ट्रीय महासचिव राहुल यादव, हरपाल तवर, गुड़गांव उद्योग एसोसिएशन के प्रधान प्रवीण यादव, सुनीता वर्मा, अशोक टांक, अशोक भास्कर, सतबीर पहलवान, राज यादव, महेश घोड़ारोप, भारत मदान, सुमन सहरावत, सुरेश यादव, अमित कोचर, रेखा यादव, प्रियंका राजपूत, साक्षी, जय सिंह हुड्डा, जितेंद्र बरवाल, सुनील , उमेश गूगलानी, प्रवेश मानेसर समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
जनता मोदी सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए तैयार
कप्तान अजय ने कहा कि गुरुग्राम नगर निगम के पैसे दोनों हाथों से लुटाया जा रहा है। 150 करोड़ रुपये नगर निगम फरीदाबाद को दिए हुए हैं, 791 करोड़ रुपये जीएमडीए के गठन पर एमसीजी ने ट्रांसफर किए, 22 करोड़ रुपये फरीदाबाद की कूड़ा उठाने वाली कंपनी को भुगतान किया और 118 करोड़ रुपये प्रदेशभर के निकायों को बिजली बिल अदा करने में खर्च कर दिए। इस तरह से गुरुग्राम के लोगों की जेब से पैसा छीनकर कहीं और दिया जा रहा है। व्यापार सेल के चेयरमैन पंकज ने कहा कि सरकार के तानाशाही रवैये, किसान विरोधी तीन कृषि कानून, बढ़ती महंगाई व बेरोजगारी, पेट्रोल व डीजल की आसमान छूती कीमतों, अभिव्यक्ति की आजादी छीनने, पेगासस द्वारा जासूसी करके राष्ट्रहित से खिलवाड़ करने जैसे कारनामों से आम जनता अब त्रस्त हो चुकी है। अब देश की जनता मोदी सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए तैयार है। प्रदेश में बढ़ते भ्रष्टाचार और महंगाई तथा बेरोजगारी के मुद्दों पर हम जनता के बीच जा रहे हैं। जनता में जो गुस्सा है वह साफ देखने को मिल रहा है। पूरे देश का युवा मोदी सरकार के विरोध में सड़कों पर आ रहा है।