संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। 19 मार्च से आरंभ होने वाले चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर मां वैष्णो देवी दरबार जाने की योजना बना रहे जिले के श्रद्धालुओं की परेशानी बढ़ गई है। यह परेशानी जम्मू और कटरा जाने वाली प्रमुख ट्रेन में कंफर्म टिकट न मिलने के कारण होगी। चैत्र नवरात्र के अवसर पर हर साल जिले से हजारों श्रद्धालुओं वैष्णो देवी जाते हैं। मगर इस बार आलम यह है कि नई दिल्ली से कटरा के बीच संचालित वंदे भारत एक्सप्रेस में वेटिंग लिस्ट का आंकड़ा 200 के पार पहुंच गया है। इससे यात्रियों की चिंता बढ़ गई हैं।
नई दिल्ली से कटरा के बीच संचालित ट्रेन नंबर 22477 वंदे भारत एक्सप्रेस में 19 मार्च की वेटिंग 212 है, वहीं 20 मार्च की वेटिंग 289 और 21 मार्च की वेटिंग 227 है। इसी प्रकार अजमेर से जम्मू की तरफ संचालित ट्रेन नंबर 12413 पूजा एक्सप्रेस में 19 मार्च की 88, 20 मार्च की 118 और 21 मार्च की 128 वेटिंग टिकट मिल रही है।
रमेश शर्मा ने बताया कि हम हर साल परिवार के साथ चैत्र नवरात्र पर जाते हैं मगर इस बार टिकट कंफर्म ही नहीं हुई है। वहीं, सीमा यादव ने बताया कि इस बार जाना मुश्किल लग रहा है, क्योंकि ट्रेनों में सीट ही नहीं मिली रहीं।
जम्मू रेल खंड पर अभी एक पुल की मरम्मत का काम चल रहा है। इस कारण कुछ ट्रेनें रद्द चल रही हैं। चैत्र नवरात्र पर मौजूदा समय में संचालित ट्रेनों में वेटिंग का आंकड़ा बढ़ रहा है। उम्मीद है कि रेलवे कुछ विशेष ट्रेनों के संचालन की घोषणा कर सकता है ताकि यात्रियों को राहत मिल सके। - अमित सुदर्शन, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, उत्तर पश्चिम रेलवे