गुरुग्राम। मिलेनियम सिटी में पिछले कुछ दिन से तापमान में बढ़ोतरी के कारण लोगों को गर्मी का अहसास होने लगा है। हालांकि, बीते रविवार को हुई हल्की बारिश से मौसम में कुछ राहत जरूर मिली। बारिश के बाद तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के पार दर्ज किया गया लेकिन गर्म हवाओं से थोड़ी राहत महसूस की गई। मौसम विभाग ने 19 और 20 मार्च को फिर से बारिश होने की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है। इससे गर्मी के साथ-साथ बढ़ते प्रदूषण से भी कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। सोमवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, बदलते मौसम और धूलभरी हवाओं के कारण वायु प्रदूषण का स्तर भी बढ़ रहा है। सेक्टर-51 में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 165, टेरी ग्राम में 127 और मानेसर में 234 दर्ज किया गया। ग्वाल पहाड़ी और विकास सदन के आंकड़े उपलब्ध नहीं हो सके। मौसम विभाग और स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। संवाद