सेक्टर-81 के पास भरा है गंदा पानी व लगे हैं गंदगी के ढेर
संवाद न्यूज एजेंसी
मानेसर। मंत्री बनवारी लाल की शनिवार को मानेसर के दौरे के बाद भी सफाई व्यवस्था में कोई ज्यादा सुधार नहीं हुआ है। सफाई अधिकारी व कर्मचारी औपचारिकताएं पूरी कर मंत्री व अधिकारियों को उन्हीं क्षेत्रों में लेकर जाते हैं, जहां पहले से ही सफाई व्यवस्था ठीक रही है। मंत्री बनवारी लाल को भी अंधेरे में रखते हुए उन्हीं सड़कों पर लेकर जाया गया था, जहां उन्होंने पहले से ही चिन्हित कर रखे थे। बुधवार को जब मानेसर के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा किया गया तो पाया गया कि अनेक स्थानों पर कूड़े के ढेर पड़े हैं। निवासियों का कहना है कि सफाई कार्याें में औपचारिकताएं ज्यादा निभाई जा रही हैं तथा विभाग के कर्मचारी व अधिकारी पूरी इमानदारी से अपना काम नहीं कर रहे हैं। मंत्री के दौरे व मुख्यमंत्री की कार्रवाई के बाद लोगों को यह उम्मीद बनी थी कि अब सफाई व्यवस्था धरातल पर ठीक होने लगेगी, लेकिन यहां तो ढाक के तीन पात वाली बात ही साबित हो रही है।
मानेसर के पास के गांव नौरंगपुर जोकि गुरुग्राम का सेक्टर 81 है, यहां के नौरंगपुर के पास लगभग 5 एकड़ क्षेत्र में गंदा पानी भरा रहता है। इस गंदे पानी में कूड़ा पड़ा है। यह गंदा पानी आसपास की काॅलोनियों व फैक्टरियों का है जोकि भर जाता है, जिसकी निकासी की कोई व्यवस्था नहीं है। इस स्थान पर वैसे तो एचएसआईआईडीसी का बोर्ड लगा हुआ है।
सेक्टर 82 वाटिका के पास कूड़े का ढेर
शहर के सेक्टर 82 की वाटिका के एफ व ई ब्लाॅक से मात्र 20 मीटर की दूरी पर कूड़े का ढेर यहां रहने वाले लोगों को नारकीय जीवन जीने पर बाध्य कर रहा है। सफाई कर्मचारी आसपास की रिहायशी काॅलोनियों से कूड़ा उठाकर लाते हैं तथा यहां पर डाल देते हैं। यह कूड़ा लंबे समय तक पड़ा रहता है, जिससे लगातार बदबू आती रहती है। वाटिका के रखरखाव करने वाले अधिकारी व कर्मचारी इस ओर ध्यान नहीं देते। इस समस्या को लेकर यहां की सीनियर सिटीजन वेलफेयर एसोसिएशन ने अनेक बार वाटिका प्रशासन से शिकायत की है कि कूड़ा यहां से दूर डाला जाए, लेकिन ऐसा नहीं किया जा रहा है। मानेसर के पास गुरुग्राम के सेक्टर 86 तथा 87 में भी कूड़े के ढेर इस बात के सबूत हैं कि सफाई कर्मचारी व अधिकारी केवल खानापूर्ति में ही विश्वास करते हैं।
खुले मैनहोल से हादसे का खतरा
सेक्टर 81 में मुख्य सड़क मार्ग के बीच बना मैनहोल खुला रहता है तथा हादसों को आमंत्रित कर रहा है। इस मैनहोल के कारण कई बार दुर्घटनाएं हो चुकी हैं तथा इसकी शिकायत भी की जा चुकी है, लेकिन संबंधित अधिकारियों के कान पर जूं तक नहीं रेंगती। रात के समय यहां से गुजरने वाले लोगों को हमेशा भय सताता रहता है।