गुरुग्राम। राजेंद्रा पार्क में चौहरा हत्याकांड मामले में मुख्य गवाह चार साल की विधि का पुलिस अदालत में बयान दर्ज कराएगी। इसके लिए राजेंद्रा पार्क थाना पुलिस ने विधि के परिजनों से संपर्क साधा है। हत्या के मुख्य आरोपी रिटायर्ड फौजी राव राय सिंह ने जेल में आत्महत्या कर ली थी। पुलिस अब इस मामले में जेल में बंद उसकी पत्नी को सजा दिलाने के लिए चार्जशीट दाखिल करने की प्रक्रिया में जुटी है।
राजेंद्रा पार्क में रहने वाले रिटायर्ड फौजी राव राय सिंह ने धारदार हथियार से हमला कर बहू सुनीता, किरायेदार कृष्णा तिवारी, उसकी पत्नी अनामिका तिवारी व उसकी नौ साल की बेटी की हत्या कर दी थी। इस दौरान हमले में चार साल की मासूम विधि गंभीर रूप से घायल हो गई थी जिसका 11 दिन सफदरजंग अस्पताल में उपचार हुआ। वह इस समय अपने रिश्तेदारों के पास है। बता दें कि इस मामले में हत्या के मुख्य आरोपी राव राय सिंह ने जेल में आत्महत्या कर ली थी। राजेंद्रा पार्क थाना पुलिस अब मामले में चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी में जुटी है। पुलिस ने विधि का अदालत में बयान दर्ज कराने के लिए उसके परिजनों से संपर्क साधा है। माना जा रहा है कि जल्द ही विधि का अदालत में बयान दर्ज होगा।
आनंद की नहीं मिली पॉलीग्राफी टेस्ट की रिपोर्ट
राजेंद्रा पार्क थाना क्षेत्र में चार लोगों की हत्या के मुख्य आरोपी राव राय सिंह की जेल में आत्महत्या के बाद मृतक के परिजनों ने उसके बेटे आनंद की भूमिका पर सवाल उठाया था जिसके बाद राजेंद्रा पार्क थाना पुलिस ने 26 दिन पहले दिल्ली के रोहिणी में उसका पॉलीग्राफी टेस्ट कराया था जिसकी रिपोर्ट अब तक पुलिस को नहीं मिली है।
राजेंद्रा पार्क हत्याकांड में पुलिस अदालत में चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी कर रही है। इसके साथ ही विधि का अदालत में बयान दर्ज कराया जाएगा। आवश्यकता हुई तो उसकी काउंसलिंग भी कराई जाएगी।
-राजीव यादव, एसीपी उद्योग, गुरुग्राम