गुरुग्राम। सेक्टर-36ए में बनने वाले मॉडर्न बस अड्डा की जमीन का सीमांकन नहीं होने के कारण मामला अटका हुआ है। प्रदेश सरकार के आदेशानुसार एचएसआईआईडीसी ने नया बस अड्डा के लिए परिवहन विभाग को 15 एकड़ जमीन आवंटित कर दी है। हालांकि अभी सरकार की ओर से लेआउट जारी नहीं किया गया है। लेआउट जारी होने के बाद ही सीमांकन हो पाएगा। जब तक सीमांकन नहीं होगा, तब तक यह 15 एकड़ जमीन हरियाणा परिवहन विभाग को स्थानांतरित नहीं हो सकेगी।
हरियाणा परिवहन विभाग की ओर से गुरुग्राम के सेक्टर-36ए में अंतरराज्यीय स्तर का बस अड्डा बनाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। जमीन का कब्जा मिलने के बाद ही नए बस अड्डा का निर्माण शुरू हो सकेगा। नए बस अड्डा पर दूसरे प्रदेशों में आने-जाने वाली बसों के ठहराव की व्यवस्था होगी और लोगों को दूसरे राज्यों के लिए बसें मिल सकेंगी। प्रदेश सरकार की ओर से सेक्टर-36ए में 15 एकड़ जमीन अलॉट की जा चुकी है, लेकिन सीमांकन नहीं होने के कारण फिलहाल मामला अटका हुआ है। गुरुग्राम डिपो के महाप्रबंधक प्रदीप कुमार अहलावत ने बताया कि बस अड्डा की 15 एकड़ जमीन के संदर्भ में एचएसआईआईडीसी के साथ कई बार पत्राचार किया जा चुका है। अभी जमीन स्थानांतरित करने की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी है।
वर्जन
एचएसआईआईडीसी के डीजीएम अरुण गर्ग ने बताया कि सेक्टर-36ए में परिवहन विभाग को 15 एकड़ जमीन अलॉट हो चुकी है। लेकिन उक्त जमीन का सीमांकन नहीं होने के कारण स्थानांतरित प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पा रही हैै। प्रदेश सरकार की ओर से लेआउट तैयार करके दिया जाए तो उक्त 15 एकड़ जमीन का सीमांकन कराकर हरियाणा परिवहन विभाग को स्थानांतरित करने की कार्रवाई आगे बढ़ाई जा सकेगी।