रोडवेज बसों के बस अड़्डा में नहीं आने की शिकायतों के कारण डिपो प्रबंधन ने लिया निर्णय
अन्य जिलों की बसों के चालकों को भी रजिस्टर में लिखना होगा बस निकलने का समय
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। शहर के मुख्य बस अड्डा पर आने वाली सभी रोडवेज बसों के चालकों को अब रजिस्टर में अपनी एंट्री दर्ज करानी होगी। यह निर्णय बसों के अड्डा परिसर में नहीं आने की शिकायतों के बाद लिया गया है। इसका उद्देश्य यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा देना और बसों की आवाजाही को व्यवस्थित करना है। पहले चालक बस अड्डे के अंदर आने के बजाय बाहर से ही यात्रियों को उतारकर चले जाते थे
डिपो प्रबंधन ने आदेश दिया है कि बस अड्डे में आने वाली रोडवेज बसों के चालक या परिचालक को उपस्थिति दर्ज करानी होगी। पूछताछ केंद्र के पास रखे रजिस्टर में बस रवाना होने का समय दर्ज करना अनिवार्य होगा। यह नियम गुरुग्राम डिपो की बसों के साथ ही अन्य डिपो से आने वाली बसों पर भी लागू होगा। गुरुग्राम डिपो प्रबंधन ने इस संबंध में विभिन्न डिपो के महाप्रबंधकों को पत्र भेजा है। प्रबंधन ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया है। गुरुग्राम बस अड्डा पर कई जिलों के डिपो से रोडवेज बसें आवागमन करती हैं।
नए नियम से रोडवेज बसों की आवाजाही पर निगरानी रखी जा सकेगी। यदि कोई बस निर्धारित समय पर अड्डा परिसर में नहीं आती है, तो संबंधित डिपो के महाप्रबंधक को सूचित किया जाएगा। नियम का पालन न करने वाले चालक-परिचालक के खिलाफ नियमानुसार विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
सभी रोडवेज बसों के चालक या परिचालक को रजिस्टर में एंट्री करने के लिए निर्देश दिए गए हैं। इससे सभी रोडवेज बसों के बस अड्डा में पहुंचने व समय पर रवाना होने की प्रक्रिया रहेगी। इससे यात्रियों को समय पर बस मिलेंगी। नियम का उल्लंघन करने वाले चालक-परिचालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। - प्रमोद नांदल, ट्रैफिक र्मैनेजर (टीएम), गुरुग्राम बस डिपो।