सुखराली रोड पर रोज लगता था जाम
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। अवैध कब्जों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) और गुरुग्राम नगर निगम (एमसीजी) ने पुलिस बल के साथ मिलकर सेक्टर-57 और सुखराली रोड पर तोड़फोड़ अभियान चलाया। एमजी रोड स्थित सुखराली रोड पर अवैध कब्जों से रोज जाम लगता था।
जीएमडीए व नगर निगम की टीम ने सेक्टर-57 में निजी और सरकारी दोनों जमीनों पर बड़े पैमाने पर संयुक्त अभियान चलाया जहां 250 झुग्गियां, 50 कमरे और 25 दुकानें ध्वस्त की गईं। अतिक्रमण से मुक्त हुई जमीन को जल्द ही हरित पट्टी के रूप में पुनर्विकसित किया जाएगा। वहीं, सुखराली रोड पर जीएमडीए, एमसीजी और यातायात पुलिस के सहयोग से सड़क पर जाम का कारण बन रहे अवैध शेड और रैंप को ध्वस्त कर दिया। सड़क के दोनों ओर 25 दुकानों के आसपास लगभग 10-10 फीट तक का अतिक्रमण हटाया गया। इस कार्रवाई से आने वाले दिनों में यातायात सुचारु रूप से चलेगा और इस मार्ग पर भीड़भाड़ कम होगी। जीएमडीए के डीटीपी आरएस बाठ ने कहा कि शहर में अवैध कब्जे करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। आगे भी इस प्रकार के अभियान चलाए जाएगे।