पुलिस प्रवक्ता के अनुसार रविवार सूचना मिली कि चौमा फाटक के पास साहिब कुंज में एक युवक ने अपने जीजा की चाकू मारकर हत्या कर दी। पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी। वहीं पुलिस की सीन-ऑफ-क्राइम, फिंगरप्रिंट की टीमों ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। मृतक की पहचान यूपी के फिरोजाबाद निवासी 40 वर्षीय आरिफ के रूप में हुई। पुलिस को मौके पर आरिफ की चप्पल व वारदात में प्रयोग किए गए दो चाकू मिले।
पुलिस को मृतक आरिफ के छोटे भाई ने बताया कि वह अपने परिवार सहित साईं कुंज न्यू पालम विहार, गुरुग्राम में किराए पर रहता है। उसका भाई आरिफ की चौमा फाटक शंकर विहार में कपड़ों की दुकान है और अपने परिवार सहित निहाल विहार गुरुग्राम में रहता था। रविवार की सुबह करीब आठ बजे आरिफ व उसकी पत्नी शबनम लड़ाई-झगड़ा करते हुए साथ में हलवाई की दुकान से अपने भाई की दुकान में आ गए।
इसी दौरान आरिफ का साला फिरोजाबाद निवासी मोहम्मद वसीम आ गया। उसने अपने हाथ में लिए हुए चाकू से आरिफ के गले और छाती पर कई वार किए। आरिफ घायल होकर दुकान के अंदर गिर गया। जिसे शबनम ने उपचार के लिए निकट के पार्क हॉस्पिटल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। मामले में बजघेड़ा थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अशोक कुमार की टीम ने वारदात के कुछ ही घंटों के बाद ही आरोपी मोहम्मद बसीम को चौमा फाटक के पास साहिब कुंज, गुरुग्राम से काबू कर लिया।
जीजा के साथ ही काम करता था आरोपी
आरोपी ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि वह अपने जीजा आरिफ की दुकान पर ही काम करता है। आरिफ व उसकी बहन शबनम का आपस में झगड़ा रहता था। आरिफ उसकी बहन को छोड़ने की बात करता था और घर भी नहीं जाता था। जिसके चलते उसने इस वारदात को अंजाम दिया।