पूर्व मंत्री करण सिंह दलाल ने कहा अदालत का आदेश संसद को भेजे बिना सदस्यता रद्द करना भाजपा की चाल
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। हरियाणा के पूर्व मंत्री करण सिंह दलाल ने कहा है कि राहुल गांधी की पद यात्रा के बाद बढ़ते जनाधार को लेकर भाजपा में डर बैठ गया है। भाजपा घबराने लगी है और उल्टे सीधे कदम उठाकर कांग्रेस की आवाज दबाने में लगी है। यही कारण है कि भाजपा ने द्वेष भावना में आकर राहुल गांधी को अदालत के जरिए सजा कराई। साथ ही अदालत के आदेश संसद तक पहुंचने से पहले ही उनकी सदस्यता रद्द करा दी।
शुक्रवार को सिविल लाइन स्थित शमा रेस्ट हाउस में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि सदस्यता रद्द होने के साथ ही राहुल गांधी को सरकारी आवास खाली करने का नोटिस भी भेज दिया। यह सब जितनी जल्दी हुआ उससे साफ पता चलता है कि इस मामले में भाजपा ने किस तरह का कदम उठाया है।
पूर्व मंत्री करण सिंह दलाल ने कहा कि कहने को तो भाजपा अमृत महोत्सव मना रही है, लेकिन अमृत काल के इस अवसर पर अमृत तो खुद पी रही है और विपक्ष के साथ जनता को जहर दे रही है, जिससे उनके खिलाफ कोई आवाज उठाने वाला न रहे। भाजपा और अडानी के रिश्तों पर कोई सवाल न कर सके। पूर्व मंत्री ने माना कि हरियाणा की राजनीति में कांग्रेस में अंदरूनी कलह है जिसका खामियाजा उन्हें उठाना पड़ रहा है। इसी वजह से वह इस कलह को मिटाकर एक साथ काम करने में लगे हुए हैं।
राहुल गांधी को सरकारी आवास खाली करने का नोटिस दिया है। आज हर कांग्रेसी राहुल गांधी को अपना आवास देने को तैयार है। पूरा देश भाजपा के इस तमाशे को देख रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को आगे आकर यह बताना होगा कि आखिर उनके और अडानी के बीच क्या रिश्ते हैं। इस मौके पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता विरेन्द्र यादव,पंकज डावर, राव कमलबीर,शमसुदीन,गजे सिंह कबलाना, मुकेश शर्मा, कुलदीप कटारिया,अशोक भास्कर,जगन डागर,महाराज सिंह,निशित कटारिया आदि मौजूद थे।