सोहना-पलवल मार्ग पर हुआ हादसा
पैरों की हड्डियां टूटीं, गुरुग्राम रेफर
संवाद न्यूज एजेंसी
सोहना। सोहना-पलवल मार्ग पर कार की टक्कर से बाइक सवार हरियाणा पुलिस में होमगार्ड गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए गुरुग्राम रेफर कर दिया गया है।
मंगलवार दोपहर बाद सोहना से पलवल की ओर जा रहे बाइक सवार को पलवल की तरफ से आ रही कार ने सीधी टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शी सोनू ने बताया कि बाइक सवार होमगार्ड है, जिसके पैरों की हड्डियां टूट गई हैं। घायल की पहचान धीरज निवासी गांव हिलालपुर थाना रोजकमेव, जिला नूंह के रूप में हुई है। पीड़ित गुरुग्राम से बाइक पर अपने गांव जा रहा था। घायल धीरज को स्थानीय नागरिक अस्पताल में लाया गया लेकिन डॉक्टरों ने गुरुग्राम के लिए रेफर कर दिया। सदर थाना प्रभारी सुखपाल कहते हैं कि घटना होने पर पुलिस टीम तुरंत ही मौके पर पहुंच गई। पुलिस घटना की जांच कर रही है।