कोई हताहत नहीं, पटाखों की चिंगारियों को ही आग का कारण माना जा रहा
राठीवास गांव में वेयर हाउस में आग लगी
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। दिवाली की रात को शहर भर में 29 जगहों पर आग लगी। राठीवास गांव में वेयर हाउस में लाखों रुपये का सामान जल गया। दमकल विभाग की करीब 10 गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि सभी हादसों में कोई भी व्यक्ति चपेट में नहीं आया। सभी हादसों में पटाखों से निकली चिंगारियों को आग लगने का कारण माना जा रहा है।
सोमवार देर शाम सात बजकर 32 मिनट पर दमकल विभाग को पटौदी के राठीवास गांव में वेयर हाउस में आग लगने की सूचना मिली थी। वेयर हाउस करीब एक एकड़ जमीन पर बना हुआ है। पुराने फ्रिज, टीवी, वाशिंग मशीन आदि सामान रखा हुआ था। आग काफी भयानक थी। दमकल विभाग को पटौदी के अलावा सेक्टर-29, सेक्टर-37, उद्योग विहार, भीम नगर और आईएमटी मानेसर से गाड़ियों को आग पर काबू पाने के लिए बुलाना पड़ा। करीब पांच घंटे में दमकल की 10 से ज्यादा गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। आग में सारा सामान जल गया। वेयर हाउस मालिक को इस आगजनी से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
उधर, रेलवे रोड पर शिवपुरी कॉलोनी में फोटो फ्रेम की एक दुकान में आग लग गई। इस दुकान में अधिकांश सामान लकड़ी या प्लास्टिक का था। ऐसे में देखते ही देखते आग तेजी से फैल गई। दमकल विभाग की पांच गाड़ियां भीम नगर, सेक्टर-29 और सेक्टर-37 से पहुंच गईं। करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद इस आग पर काबू पाया गया।
इसके अलावा सेक्टर-31 में शादी समारोह के आयोजन को लेकर बनाए गए गार्डन में लगे टेंट में आग लग गई। सेक्टर-29 से दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग को फैलने से रोका गया। सेक्टर-28 में चप्पल जूतों के एक गोदाम में आग लग गई। दमकल विभाग की तीन गाड़ियों से आग पर काबू पाया।
इसके अतिरिक्त सेक्टर-14 में कबाड़ गोदाम, सेक्टर-47 में एक मकान, सेक्टर-49 में खड़ी कार, गांव चकरपुर में झुग्गियों, सिकंदरपुर में कबाड़ और कार, सेक्टर-26 में कार, सेक्टर-21 और 57 में कबाड़ में आग लग गई। कादीपुर चौक पर पेंट की गोदाम में लगी आग को बुझाने में दमकल कर्मियों को बेहद मशक्कत करनी पड़ी। गांव गढ़ी हरसरू में एक मकान और गांव खेड़की दौला की एक दुकान में भी आग लग गई।
शिवाजी नगर की एक दुकान, गांव शिकोहपुर मोड़ पर एक ट्रक, गांव नाहरपुर में नवादा रोड पर एक गाड़ी, गांव बांसकुसला और सेक्टर-सात में कूड़े के ढेर में आग लग गई। सदर बाजार में ऑटो स्टैंड के समीप कोचिंग सेंटर के साइन बोर्ड में पटाखे की चिंगारी के कारण आग लग गई।